PM मोदी को गाली देने के मामले में जमकर बवाल, बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार, कई गाड़ियों में तोडफ़ोड़, अमित शाह ने कहा- राहुल गांधी माफी मांगे
By Ashish Meena
August 29, 2025
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान PM मोदी को गाली देने के मामले में शुक्रवार को पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। वो राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी।
देखते ही देखते दोनों पार्टी के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। कई गाड़ियों में भी तोडफ़ोड़ की गई है। कांग्रेस ऑफिस के बाहर भारी पुलिस तैनात है। कांग्रेस ऑफिस के गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सड़क पर जाम लग गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी और उनकी मां को गाली देने के मामले में असम में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने शुक्रवार को गुवाहाटी में कहा- बिहार में कांग्रेस ने पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहे। इनके दूषित प्रयास को देखकर मुझे मालूम है, इन्हें जनता का समर्थन नहीं है।
शाह ने कहा- मोदीजी की माताजी का जीवन गरीब घर में अपनी सभी संतानों को संस्कारी करके बड़ा करने में बीता। उनका बेटा पूरे विश्व में ख्याति पा रहा है। राहुल गांधी को थोड़ी भी शर्म है तो मोदी जी और उनकी दिवंगत मां के लिए कहे गए अपशब्दों पर माफी मांगें।
दरभंगा पुलिस ने गुरुवार देर रात रिजवी उर्फ राजा नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भपुरा गांव का रहने वाला है। मो. रिजवी पिकअप ड्राइवर है। इस मामले में बीजेपी ने पटना के गांधी मैदान थाने में FIR के लिए आवेदन दिया है। भाजपा प्रवक्ता दानिश इकबाल और कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। हालांकि केस दर्ज नहीं हुआ है।
बिहार में गुंडाराज पागल- कांग्रेस
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर की गई पत्थरबाजी पर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार में गुNDAराज अब पागल हो चुका है। आज सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर किस प्रकार से भाजपाई दंगाइयों द्वारा हमला किया गया, कार्यकर्ताओं के सिर फोड़ दिए गए। पूरे परिसर में पत्थरबाजी, गाली-गलौज एवं तोड़फोड़ की गई। यह बेहद शर्मनाक और लोकतंत्र को कलंकित करने वाला है।
आगे लिखा कि शर्मनाक यह भी है कि यह सब कुछ पुलिस की मौजूदगी में हुआ है। ऐसा लग रहा था जैसे पुलिस खुद इस हमले को मॉनिटर कर रही थी। यह राहुल के नेतृत्व में चल रही वोटर अधिकार यात्रा की सफलता और बिहार में खिसकती जमीन लेकर भाजपाइयों की हताशा का परिणाम है। राज्य सरकार तुरंत इन गुंडों को चिन्हित कर कार्रवाई करें, अन्यथा कांग्रेस माकूल जवाब देगी।
पूरे मामले पर पुलिस की तरफ से क्या कहा गया?
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने कहा, “पथराव हुआ है। हम फिलहाल जांच कर रहें हैं और अगर किसी तरह की संपत्ति का नुकसान हुआ है तो उस संबंध में थाने में आवेदन जरूर दिया जाएगा और जांच की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही हमने त्वरित कार्रवाई की। आसपास के थानों को भी सूचित कर मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया। हम स्थानीय थाने से बात कर पता लगाएंगे कि उन्हें इस (प्रदर्शन) की जानकारी कब मिली।”
किस बात पर हो रहा था प्रदर्शन?
बीजेपी कार्यकर्ता बिहार के दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध कर रहे थे। दरभंगा में रफीक नाम के युवक ने जनसभा के दौरान पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी की थी। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही जनसभा के आयोजन ने भी इस पूरे मामले पर माफी मांगी है। इसी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता पटना में प्रदर्शन कर रहे थे।
