MP में बारात के दौरान बड़ा हादसा! दूल्हे की घोड़ी कुएं में गिरी, ढोल-डीजे के शोर से अचानक हुई बेकाबू
By Ashish Meena
फ़रवरी 9, 2026
दूल्हे की घोड़ी कुएं में गिरी: मध्य प्रदेश से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में रविवार को एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब दूल्हे की घोड़ी अचानक बेकाबू होकर गहरे कुएं में जा गिरी। दूल्हे की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी जनहानि टल गई।
डीजे और ढोल का शोर बना मुसीबत का कारण
जानकारी के अनुसार, ग्राम आवल्या विठ्ठल से बारात धूमधाम के साथ फतेहपुर पहुंची थी। दूल्हा घोड़ी पर सवार था और बाराती डीजे की धुन और ढोल-ताशों पर नाचते-गाते जश्न मना रहे थे। इसी बीच, संगीत के कानफोड़ू शोर से घोड़ी अचानक घबरा गई। घोड़ी ने अपना नियंत्रण खो दिया और सीधे पास ही स्थित एक खुले कुएं की ओर दौड़ पड़ी।
दूल्हे ने मौत को दी मात
जैसे ही घोड़ी कुएं के किनारे पहुंची, दूल्हे ने खतरे को भांप लिया। इससे पहले कि घोड़ी दूल्हे को लेकर कुएं के भीतर समाती, दूल्हे ने बिजली की तेजी से घोड़ी से छलांग लगा दी। चंद सेकंड की इस देरी से दूल्हे की जान जा सकती थी। दूल्हे के सुरक्षित बचते ही घोड़ी गहरे पानी भरे कुएं में जा गिरी।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
घटना के तुरंत बाद नाच-गाना बंद हो गया और बाराती व ग्रामीण कुएं की ओर दौड़े। कुएं में पानी भरा था, जिससे घोड़ी डूब सकती थी। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए रस्सियों और सीढ़ियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि घोड़ी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई।
प्रशासन की लापरवाही
ग्रामीणों ने इस घटना पर कड़ा आक्रोश जताया है। बताया जा रहा है कि यह कुआं कोटवार की सरकारी जमीन पर स्थित है और सालों से खुला (Unprotected Well) पड़ा है। दो साल पहले भी इसी कुएं में एक बैल गिर चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल हुए कोंडावद हादसे के बाद भी प्रशासन को इस खुले कुएं के बारे में अवगत कराया गया था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए।
