इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में गैंगस्टर का VIP दर्शन! बदमाश सीधे गर्भगृह में, नियम सिर्फ जनता के लिए?
By Ashish Meena
फ़रवरी 14, 2026
इंदौर का सबसे पूजनीय स्थल, खजराना गणेश मंदिर, एक बार फिर विवादों के घेरे में है। मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त सवालिया निशान लग गए, जब शहर के कुख्यात गैंगस्टर सतीश भाऊ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस वीडियो में गैंगस्टर मंदिर के उस प्रतिबंधित गर्भगृह (Sanctum Sanctorum) के भीतर बेहद आराम से दर्शन और पूजा करता नजर आ रहा है, जहाँ प्रवेश के लिए आम श्रद्धालु तरस जाते हैं।
रसूखदारों के लिए गर्भगृह!
खजराना गणेश मंदिर में लाखों लोगों की आस्था जुड़ी है। मंदिर प्रशासन और प्रबंध समिति हमेशा यह दावा करती है कि सुरक्षा कारणों और परंपराओं का हवाला देकर गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। आम श्रद्धालुओं को कड़ी धूप और लंबी कतारों में लगकर केवल बैरिकेड्स के बाहर से ही भगवान गणेश के दर्शन करने की अनुमति होती है। लेकिन, वायरल वीडियो ने इन सभी दावों की पोल खोलकर रख दी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो डाल कर दी चुनौती
हैरानी की बात यह है कि गैंगस्टर सतीश भाऊ ने न केवल नियमों को तोड़ा, बल्कि इस कृत्य का वीडियो बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर अपना दबदबा दिखाने की कोशिश की। वीडियो में उसे भगवान की प्रतिमा के बिल्कुल करीब खड़े होकर विधिवत पूजा-अर्चना करते देखा जा सकता है। यह घटना मंदिर के सुरक्षा गार्डों और वहां तैनात सीसीटीवी कैमरों की निगरानी पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
क्या नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं?
इस भेदभावपूर्ण व्यवहार ने इंदौर के आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग मंदिर प्रशासन से तीखे सवाल पूछ रहे हैं। जब आम आदमी को प्रवेश की अनुमति नहीं, तो एक हिस्ट्रीशीटर को यह ‘स्पेशल ट्रीटमेंट’ किसके आदेश पर मिला? क्या मंदिर के नियम रसूख और अपराधी के दबदबे के आगे खत्म हो जाते हैं?
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
इतने हाई-प्रोफाइल मंदिर में एक कुख्यात अपराधी का इस तरह प्रवेश करना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। शहर में चर्चा तेज है कि क्या इस मामले में किसी अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई होगी, या फिर रसूख के आगे इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
