IPL फाइनल के बाद खिलाड़ियों की बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची टीम

By Ashish Meena
मई 1, 2026

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से आईपीएल का फाइनल मैच हारकर होटल लौट रही गुजरात टाइटंस की टीम की बस में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी खिलाड़ियों और स्टाफ को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

यह घटना रविवार देर रात की है जब टीम मैच खत्म होने के बाद स्टेडियम से वापस अपने होटल की तरफ जा रही थी। रास्ते में अचानक बस के भीतर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद बस से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। जैसे ही आग की भनक लगी, तुरंत बस को रोक दिया गया और मुस्तैदी दिखाते हुए कप्तान शुभमन गिल सहित सभी खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला गया।

इस हादसे में किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ को कोई चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस आगजनी के कारण गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी करीब एक घंटे तक बीच सड़क पर ही फंसे रहे, जिसके बाद उनके लिए दूसरी गाड़ी का इंतजाम किया गया।

टीम के लिए पिछले कुछ दिन रहे बेहद थकाऊ

गुजरात टाइटंस के लिए पिछले कुछ दिन लगातार चुनौतियों से भरे रहे हैं। फाइनल से पहले भी टीम को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। खराब मौसम के कारण अहमदाबाद पहुंचने वाली टीम की चार्टर्ड फ्लाइट करीब तीन घंटे देरी से रवाना हुई थी। इसके चलते टीम 30 मई की देर रात अहमदाबाद पहुंच सकी। यही नहीं, देरी की वजह से शुभमन गिल और रजत पाटीदार के बीच होने वाला कप्तानों का फोटोशूट भी स्थगित करना पड़ा था।

फाइनल से पहले जमकर की यात्रा

गुजरात टाइटंस ने पिछले पांच दिनों में बेहद व्यस्त शेड्यूल का सामना किया। 26 मई को धर्मशाला में खेले गए क्वालिफायर-1 में टीम को RCB से हार मिली थी। इसके बाद टीम चंडीगढ़ पहुंची और फिर 29 मई को मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेलकर फाइनल का टिकट हासिल किया। लगातार यात्रा, दबाव और बड़े मुकाबलों के बीच गुजरात टाइटंस ने शानदार संघर्ष किया, लेकिन घरेलू मैदान पर खेले गए फाइनल में गुजरात टीम ट्रॉफी जीतने से चूक गई।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»