BJP की लिस्ट में कई चौंकाने वाले नाम, 3 केंद्रीय मंत्री, 4 सांसद समेत कई दिग्गजों को मैदान में उतारा

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस बार भी पार्टी ने 39 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। बीजेपी की इस लिस्ट में कई चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं। इस लिस्ट में 7 सांसदों को टिकट दिया है, जिसमें तीन केंद्रीय मंत्री हैं। इनमें प्रहलाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर और फग्गन सिंह कुलस्ते मोदी सरकार में मंत्री हैं। 

भाजपा की दूसरी सूची में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी से, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते निवास से, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंगपुर से और कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पार्टी सांसद राकेश सिंह जबलपुर पश्चिम से, गणेश सिंह सतना से, रीति पाठक सीधी से और उदय प्रताप सिंह गाडरवारा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। 

Also Read - Breaking News: चुनाव से पहले BJP में बड़ा फेरबदल, JP नड्डा ने अचानक 3 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले

बीजेपी ने दूसरी लिस्ट में 39 में से 6 महिलाओं को टिकट दिया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की सबसे करीबी इमरती देवी को भी टिकट मिला है। वह डबरा विधानसभा सीट से उप चुनाव हार गई थीं। कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर की 1 नंबर सीट से उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस से फिलहाल यहां संजय शुक्ला विधायक हैं। कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय इंदौर की 3 नंबर विधानसभा सीट से विधायक हैं। 

शायद यह पहली बार है जब केंद्रीय मंत्री सांसद और पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं को विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतार दिया गया है। इस सूची में आधा दर्जन से ज्यादा सांसद और मंत्री शामिल है। सांसद और लोकसभा में मुख्य सचेतक राकेश सिंह जबलपुर की पश्चिम विधानसभा से उम्मीदवार बनाए गए। ये कांग्रेस की मजबूत सीट है। लगातार दो चुनावों से बीजेपी पश्चिम सीट हार रही है। राकेश सिंह जबलपुर से चार बार के सांसद हैं। वीडी शर्मा से पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल को नरसिंहपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से फिलहाल जालम सिंह पटेल विधायक हैं। जालम सिंह, प्रह्लाद पटेल के छोटे भाई हैं। जानकारी के लिए आपको बता दें कि, आने वाले महीनों में देश के पांच राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। भाजपा केवल मध्य प्रदेश में सत्ता में है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, जबकि तेलंगाना में बीआरएस सत्ता में है।

All Comments

No Comment Yet!!


Share Your Comment