भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कार को 8KM तक घसीटा, 4 लोगों की मौत, उज्जैन महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

By Ashish Meena
जनवरी 27, 2026

महाकाल के दर्शन: दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में कार सवार चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ट्रक में कार बुरी तरह फंस गई थी। इसकी वजह से करीब 8 किमी तक ट्रक के साथ कार घिसटती चली गई। गाड़ी में शव भी फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। हादसा पापड़दा इलाके में एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर-193 के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ।

मरने वाले सभी नोएडा के रहने वाले

नांगल राजावतान (दौसा) के DSP दीपक मीणा ने बताया- कार में 5 श्रद्धालु सवार थे। सभी उज्जैन (MP) में महाकाल के दर्शन कर नोएडा लौट रहे थे। मृतकों में नोएडा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) शामिल हैं। कार की सबसे पीछे की सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं।

Also Read – इंदौर में कार के अंदर मिला पुजारी का शव, सिर में लगी थी गोली, पिस्टल हुई बरामद

कार के उड़े परखच्चे, शवों को निकालना हुआ मुश्किल

DSP दीपक मीणा ने बताया- हरियाणा नंबर की कार लालसोट (दौसा) से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान आलूदा गांव के पास कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। तेज गति के कारण कार ट्रक के पीछे फंस गई थी। कार के आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रक से अलग किया गया और शवों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर को हादसे का तुरंत अंदाजा नहीं हुआ। इसकी वजह से ट्रक के साथ कार घिसटती चली गई। कार सवारों को बचने का भी कोई मौका नहीं मिला। कार में पांच लोग सवार थे। घायल युवक को दौसा के जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया है। उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

एक थाना क्षेत्र से दूसरे थान क्षेत्र में चली गई कार

पापड़दा थाने के कॉन्स्टेबल महेश ने बताया- कार सवार सभी लोग उज्जैन महाकाल के दर्शन कर नोएडा लौट रहे थे। राहुवास थाना इलाके में ट्रक में घुसने के बाद तेज रफ्तार कार फंस गई। इसके बाद कार घिसटती हुई पापड़दा थाना क्षेत्र में चली गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात को सुचारू किया गया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»