प्रदीप मिश्रा की कथा में एक महिला की मौत, उत्तर प्रदेश से आई थीं शिव महापुराण सुनने
By Ashish Meena
फ़रवरी 13, 2026
मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में शुक्रवार को एक दुखद घटना हो गई। यहां कथा शुरू होने से कुछ ही देर पहले पंडाल में बैठी उत्तर प्रदेश की 65 वर्षीय महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
मृतका की पहचान इटावा (उत्तर प्रदेश) निवासी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। वह दो दिनों से डबरा के नवग्रह शक्ति पीठ पर कथा में शामिल हो रही थीं। शुक्रवार सुबह जैसे ही वह पंडाल में अपनी जगह पर बैठीं, अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह अचेत होकर गिर पड़ीं।
परिजनों ने की बचाने की कोशिश
पुष्पा देवी के रिश्तेदार संतोष सोनी ने बताया कि वे सुबह समय पर कथा स्थल पहुंच गए थे। अचेत होने के बाद परिजनों ने उनकी छाती को पंप किया (CPR देने की कोशिश की), लेकिन उनके मुंह से झाग निकलने लगा। उन्हें तत्काल कथा परिसर में बने अस्थायी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Also Read – मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर, बारातियों की गाड़ी खाई में गिरी, 3 की मौत, 7 घायल
पहले से चल रहा था हृदय रोग का इलाज
परिजनों के अनुसार, पुष्पा देवी लंबे समय से दिल की बीमारी से जूझ रही थीं। लगभग दो साल पहले उन्हें गंभीर समस्या हुई थी, जिसके बाद से उनका इलाज जारी था। बीमार होने के बावजूद वह भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था के कारण डबरा में अपने रिश्तेदारों के यहां रुककर कथा सुनने पहुंची थीं।
11 फरवरी को इटावा से आई थीं डबरा
पुष्पा देवी 11 फरवरी को अपनी ननद के साथ इटावा से डबरा आई थीं। वे यहां सराफा बाजार स्थित अपने रिश्तेदारों के घर रुकी हुई थीं। दो दिन से वे नियमित रूप से गाड़ी से कथा सुनने जा रही थीं, लेकिन शुक्रवार की सुबह उनकी अंतिम सुबह साबित हुई।
लोगों से कहा- बाबा के चक्कर में मत पड़ो
नवग्रह पीठ के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के क्रम में शुक्रवार को कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का अंतिम दिन था। पंडित मिश्रा ने कहा कि भगवान को कहीं ढूंढने की जरूरत नहीं है। लोग बाबाओं के चक्कर में पड़ते हैं कि भगवान से मिलवा दो, प्रभु तो आपका हृदय में है। उसे प्रकट करने की आवश्यकता है।
कल से कुमार विश्ववास कहेंगे कथा
कल से कवि कुमार विश्वास राम कथा कहेंगे। यह कथा 14 से 16 फरवरी तक जारी रहेगी। इस कथा में ग्रामीण अंचल से महिलाओं का आने का सिलसिला कम होने की संभावना है। एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। रेलवे पुलिस भी मुस्तैद है। दो स्पेशल ट्रेन भी प्लेटफॉर्म पर खड़ी है, जिसमें एक ग्वालियर की तरफ जा रही है तो दूसरी झांसी की ओर जा रही है।
डबरा में नवग्रह पीठ की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी से हुई। पहले दिन कलश वितरण के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। इसी के तहत अलग-अलग कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
नवग्रह मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हो रही कथा
दरअसल, डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के तहत पं. मिश्रा की कथा का आयोजन किया गया है। समारोह के पहले दिन 10 फरवरी को कलश यात्रा शुरू होने से पहले भगदड़ मच गई थी, जिसमें 70 वर्षीय महिला रति साहू की मौत हो गई। बच्ची समेत 8 लोग घायल हुए थे।
भगदड़ तब मची जब कलश यात्रा से पहले कलश बांटे जा रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने अचानक स्टेडियम का गेट खोल दिया, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। महिलाएं एक दूसरे पर गिर गईं। रति की बहू ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही से हादसा होने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था- भीड़ को कंट्रोल नहीं किया गया। इसी वजह से सास रति साहू को भीड़ कुचलते निकल गई। घायल सास को अस्पताल लेकर गए, तो डॉक्टर्स ने लापरवाही बरती। यहां ऑक्सीजन के लिए मेरी सास 30 मिनट तक तड़पती रही।
