Aanchal-Saksham Love Story: हमारा प्यार जीता…जाति के कारण बाप-भाई ने की लड़के की हत्या तो बेटी ने प्रेमी के शव से कर ली शादी, झकझोर देगी आंचल और सक्षम की कहानी
By Ashish Meena
December 3, 2025
Aanchal-Saksham Love Story: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से प्रेम, बलिदान और क्रूरता की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना साबित करती है कि सच्चे प्यार के लिए आशिक किसी भी हद तक जा सकते हैं। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी की लाश के साथ शादी कर ली, जिसकी निर्मम हत्या उसी के परिवार वालों ने की थी।
युवती, आंचल ने अपने प्रेमी सक्षम ताटे के शव के पास जाकर हल्दी लगाई, उसकी उंगली से अपने माथे पर सिंदूर लगाया और हमेशा के लिए उसे अपना मान लिया। इस भावनात्मक क्षण के बाद उसने कहा, “मारने वाले जीत कर भी हार गए और हारने वाला मर कर भी जीत गया। आज हमारे प्यार की जीत हुई है।”
क्यों हुई सक्षम ताटे की हत्या?
यह प्रेम कहानी केवल दो प्रेमियों तक सीमित नहीं थी; यह जातिवाद और ऑनर किलिंग के काले सच को भी उजागर करती है। आंचल और सक्षम पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे। सक्षम आंचल के भाई का दोस्त था और घर पर आना-जाना था, जिससे दोनों करीब आए।
Also Read – मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने पलटा कमलनाथ का फैसला, विधानसभा में संशोधन विधेयक हुआ पास
लेकिन, जैसे ही आंचल के परिजनों को इस अंतरजातीय विवाह की जानकारी मिली, उन्होंने इसे नामंजूर कर दिया। सक्षम की जाति अलग होने के कारण, आंचल के पिता और भाई ने एक खौफनाक साजिश रची। गुरुवार शाम मिलिंद नगर इलाके में सक्षम को बेरहमी से पीटा गया, उसके सिर में गोली मारी गई और बाद में पत्थर से कुचल दिया गया। सक्षम की हत्या इतनी निर्मम थी कि नांदेड़ पुलिस भी घटनास्थल देखकर दंग रह गई।
आंचल ने हत्यारों को फांसी देने की मांग की
प्रेमी के शव के साथ विवाह करने के बाद, आंचल ने सक्षम के हत्यारों को फांसी की सज़ा देने की मांग की है। आंचल ने यह फैसला करके, न केवल अपने प्रेम को अमर कर दिया है, बल्कि अपने परिवार के जातिवादी और क्रूर फैसले का भी विरोध किया है।
नांदेड़ एसएसपी प्रशांत शिंदे ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई की है। 6 आरोपियों (जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गजानन बांबिलवाड़, साहिल सिंह उर्फ मदन सिंह ठाकुर, सोमेश लके, वेदांत फुंदेकर और एक अन्य शामिल हैं। यह घटना पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग आंचल के अटूट प्रेम और उसके परिजनों की अमानवीय करतूत की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
Also Read – केंद्र सरकार ने किया बड़ा ऐलान, PMO परिसर का नाम बदला
बर्थडे के बाद करने वाले थे शादी
आंचल ने बताया कि सक्षम उसके परिवार का सम्मान करता था और चाहता था कि शादी परिवार की अनुमति से हो। दोनों भागकर शादी करने की तैयारी भी कर रहे थे। 1 दिसंबर सक्षम का जन्मदिन था और कुछ दिनों बाद वे शादी करने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही लड़की के परिवार वालों ने साजिश रची और सक्षम पर हमला करा दिया। हमले में उसकी मौत हो गई।
दो पुलिसकर्मियों ने भाइयों को उकसाया- आंचल
आंचल ने खुलासा किया है कि सक्षम उसके लिए धर्म परिवर्तन करने के लिए भी तैयार था, लेकिन उसके परिवार वालों ने यह रिश्ता कभी स्वीकार नहीं किया. इतना ही नहीं, आंचल का आरोप है कि दो पुलिसकर्मियों ने भी उसके भाइयों को उकसाया था। उसने बताया कि शुरू में उसका परिवार सक्षम के साथ अच्छा व्यवहार करता था, जिससे उसे कभी नहीं लगा था कि इतनी बड़ी घटना हो सकती है।
आंचल की मां जयश्री मामिदवार, सक्षम की हत्या से लगभग दो घंटे पहले उसके घर गई थीं। उन्होंने सक्षम को धमकाया और कहा कि वह आंचल से दूर रहे। इसके दो घंटे बाद सक्षम की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में आंचल के पिता गजानन मामिदवार, दोनों भाइयों और सहयोगियों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
