इंदौर में दिखेगा आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम, शुक्रवार को निकलेगी बाबा रणजीत की प्रभातफेरी, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
By Ashish Meena
दिसम्बर 11, 2025
Indore News : आस्था और भक्ति का एक ऐसा अद्भुत संगम जो पूरे देश में शायद ही कहीं और देखने को मिले—वह है इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर की ऐतिहासिक प्रभातफेरी। 12 दिसंबर शुक्रवार सुबह 4 बजे पश्चिमी क्षेत्र से निकलने वाली इस प्रभातफेरी में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है, जो कड़ाके की ठंड की परवाह किए बिना बाबा के दर्शन को नंगे पैर निकलेंगे।
मंदिर में चार दिनी उत्सव और भव्य रथ यात्रा
मंदिर में बुधवार को दीपोत्सव के साथ चार दिवसीय उत्सव का आगाज़ हो चुका है, जिसके बाद आज विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। मध्य रात्रि से ही रणजीत हनुमान मार्ग पर प्रभातफेरी की अंतिम तैयारियां शुरू हो जाएंगी। सुबह ठीक 4 बजे बाबा रणजीत अपने पारंपरिक और भव्य रथ में सवार होकर मंदिर परिसर से बाहर निकलेंगे।
Also Read – छापे में मिला 2016 में बैन हो गए 500 और 1000 के नोटों का भंडार, करोड़ों रुपये मिलने से मचा हड़कंप
भक्तों के बीच भव्य आतिशबाजी होगी। यात्रा में रामायण पर आधारित दो आकर्षक झांकियों का निर्माण कराया गया है, साथ ही दस से ज्यादा भजन मंडलियां भी भक्तिमय वातावरण बनाएंगी। प्रभातफेरी धीरे-धीरे महूनाका की तरफ बढ़ेगी और अन्नपूर्णा, दशहरा मैदान, नरेंद्र तिवारी मार्ग होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव
लाखों भक्तों की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए ट्रैफिक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 12 दिसबंर को सुबह तीन बजे से फूठीकोटी, उषा नगर, और अन्नपूर्णा मार्ग पर वाहन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा फूटी कोठी चौराहा से रणजीत हनुमान रोड होकर महुनाका चौराहा तक आवागमन बंद रहेगा। तीनों मार्ग पर ट्रैफिक गुरुवार रात दो बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक बंद रहेगा।
तीन स्थानों पर पार्किंग
कलेक्टोरेट की दिशा से आने वाले वाहन लालबाग परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे। गंगवाल क्षेत्र से आने वाले वाहन, सराफा स्कूल एमअेाजी लाइन में वाहन पार्क कर सकेंगे। अन्नपूर्णा मार्ग की तरफ से आने वाले वाहन दशहरा मैदान में वाहन पार्क सकेंगे।
पांच सौ पुलिस जवान रहेंगे तैनात
रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी में पांच सौ से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा मार्ग के बड़े भवनों से भी पुलिस जवान निगरानी करेंगे। ड्रोन के जरिए भी पुलिस संदिग्ध लोगों पर नजर रखेगी। रथ के आसपास भी पुलिस सुरक्षा के घेरा बना रहेगा। चार किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग से जुड़ी गलियों में भी पुलिस जवान तैनात रहेंगे और गलियों में बैरिकेड लगाए जाएंगे।
