दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर रावण के काफिले पर हमला, चुनाव प्रचार के दौरान अज्ञात लोगों ने तोड़े गाड़ी के शीशे

By Ashish Meena
अक्टूबर 1, 2024

Rashtriya Ekta News : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने के दौरान उचाना कलां विधानसभा में सोमवार रात पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर रावण के काफिले पर हमला हुआ है। हंगामा करने वाले युवकों ने गाड़ी पर पत्थर फेंका और ध्यान भटकाने के लिए धूल मिट्टी भी उड़ाई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। वहीं इस दौरान पुलिस और दुष्यंत चौटाला के बीच जमकर बहस भी हुई।

बता दें कि दुष्यंत चौटाला जेजेपी से उचाना कलां से प्रत्याशी है। दुष्यंत चौटाला के समर्थन में चंद्रशेखर रावण यहां पर रोड शो करने आए थे। वहीं उचाना कलां में दुष्यंत और चंद्रशेखर रथ पर आगे चल रहे थे। इनकी कारें पीछे काफिले में थी। तभी अचानक कुछ युवकों ने हंगामा करते हुए गाड़ी पर पत्थर मार दिए, जिससे चंद्रशेखर की गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया।

वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। इसी दौरान पुलिस की दुष्यंत चौटाला के साथ बहस भी हो गई। बाद में विवाद बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया और मौके पर रोड शो को रोक दिया। बाद में दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर रथ से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच आ गए। काफिले पर हमले की सूचना मिलने पर मौके पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

राज्य में 5 अक्टूबर को एक ही चरण के तहत चुनाव होना है। वहीं 8 अक्टूबर को मतों की गणना की जाएगी। हालही में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा में धुआंधार रैली की थी। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी यहां ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। राहुल, प्रियंका की हरियाणा में विजय संकल्प रैली के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को भी मिला था।

दरअसल, कांग्रेस में इस वक्त भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा दोनों के बीच मान-मनौव्वल की कोशिश की जा रही है। दोनों ही नेता सीएम पद को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहते हैं। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा का हाथ अपने हाथों से पकड़कर मिलवाया था। इस दौरान जनता ने जमकर तालियां बजाई थीं।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।