रेलवे ट्रैक किनारे मिला इंटरनेशनल एथलीट का शव, खेलो इंडिया में जीते थे कई मेडल, जीत की खुशी मातम में बदली

By Ashish Meena
मार्च 24, 2026

हरियाणा के भिवानी जिले के 70 साल के इंटरनेशनल एथलीट फूल कुंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सोमवार को सोनीपत के राठधाना और नरेला स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला।

शरीर पर चोटों के कई गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

परिवार ने बताया कि फूल कुंवार ने कल ही चंडीगढ़ में खेलो इंडिया के तहत आयोजित पांचवें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में 3 मेडल जीते थे। इसके बाद वे कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से लौट रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।

उनका सामान अभी भी नहीं मिला है, ऐसे में परिवार को शक है कि यह हादसा नहीं है। उधर, सोनीपत जीआरपी ने परिवार के बयान के आधार पर मामले में जांच शुरू कर दी है।

खेलो इंडिया प्रतियोगिता में जीते थे तीन पदक

परिवार के मुताबिक, चंडीगढ़ में 20 से 22 मार्च पांचवें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026 का आयोजन किया गया था। फूल कुंवार इसमें हिस्सा लेने गए थे। यहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाई जंप और हैमर थ्रो में गोल्ड मेडल, जबकि शॉट पुट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। तीन मेडल जीतकर वे बेहद खुश थे।

कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से लौट रहे थे

वे भिवानी लौटने के लिए रविवार की शाम को कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। चंडीगढ़ से चलते वक्त उन्होंने परिवार के सदस्यों से बात की थी। मगर, देर रात तक वे घर नहीं पहुंचे। सोमवार को जीआरपी सोनीपत ने उनका शव राठधाना और नरेला स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिलने की सूचना दी।

शव खून से लथपथ था, सामान गायब

परिवार के मुताबिक, वे मौके पर पहुंचे तो फूल कुंवार का शव खून से लथपथ था। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई कि या तो ट्रेन के दरवाजे से गिरने के कारण यह हादसा हुआ या फिर किसी ने धक्का दिया। हालांकि, अभी तक किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे मामला संदिग्ध बना हुआ है।

एथलीट के परिवार ने उठाए सवाल

परिवार के अनुसार, फूल कुंवार के साथ भिवानी के 2 अन्य साथी भी ट्रेन में सफर कर रहे थे। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर यह घटना कैसे हुई। परिवार का कहना है कि वे पूरी तरह स्वस्थ और खुश थे, ऐसे में अचानक इस तरह की घटना समझ से परे है।

रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी

जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»