खूनी खेल का CCTV: इटारसी में युवक की हत्या से पहले साथ दिखे आरोपी, थाने से महज 300 मीटर दूर वारदात
By Ashish Meena
सितम्बर 30, 2026
मध्य प्रदेश के इटारसी में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में अब घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। गुरुद्वारे के बाहर हुई वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में हत्या से कुछ समय पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ दिखाई दे रहे हैं। यह वारदात इटारसी थाने से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक विक्रम अपने परिचित गुलशन और सनी शर्मा के साथ बाइक पर मौजूद था। इसी दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुरुद्वारे में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हुई। वीडियो में तीनों के बीच मोबाइल को लेकर बातचीत और फिर बहस होती दिखाई दे रही है। इसके बाद विवाद बढ़ा और गुलशन ने विक्रम पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, विक्रम पर चाकू से दो बार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से पहले मंगलवार को विक्रम, गुलशन और सनी शर्मा स्टेशन के पास बैठे थे। पुलिस के अनुसार, वहां शराब पीने के दौरान विक्रम ने गुलशन से अपने 100 रुपये वापस मांगे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू होने की जानकारी सामने आई है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में गुलशन और सनी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। अब वायरल CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
