मध्यप्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक कोहरे के साथ बढ़ेगी ठंड, जानिए ताजा अपडेट

By Ashish Meena
नवम्बर 20, 2024

Weather of MP : उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवा ने जहां रात में सिहरन बढ़ा रखी है, वहीं वातावरण में नमी रहने से शहरों में धुंध और कोहरा छाने लगा है। इसके कारण मंगलवार को प्रदेश में दिन के तापमान में एक से लेकर तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। साथ ही दृश्यता भी प्रभावित रही। धूप भी गुनगुनी लगी।

दो-तीन दिन तक बना रहेगा मौसम
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रह सकता है। उधर मंगलवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में रात का सबसे कम 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस पर रहा।

500 से 1000 मीटर दृश्यता
प्रदेश में दिन का सबसे कम 24.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मलाजखंड में रिकार्ड किया गया। राजधानी में दिन के तापमान में सोमवार की तुलना में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह सबसे कम 500 से 1000 मीटर दृश्यता ग्वालियर में रही।

उत्तर से आ रहीं सर्द हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम (लगभग 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 250 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है। अभी कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, लेकिन जेट स्ट्रीम के कारण उत्तर भारत की तरफ से सर्द हवाओं के आने का सिलसिला बना हुआ है। इस वजह से रात के समय सिहरन बरकरार है।

ग्वालियर-चंबल में घना कोहरा
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में वातावरण में नमी रहने के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने लगा है। वातावरण में बड़े पैमाने पर धूल कण बने रहने से अन्य शहरों में भी सुबह के समय धुंध (कुहासा) बना हुआ है। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रह सकता है। बता दें कि सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को 3.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 26.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। प्रदेश के अन्य शहरों में भी दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।