Gautam Bantu Gurjar : मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी अपने संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने के लिए पूरी तरह तैयार है। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी अब निचले स्तर से संगठनात्मक ढांचे को दुरुस्त करने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में, प्रदेश कांग्रेस जल्द ही सभी जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की घोषणा करने वाली है। सूत्रों की मानें तो यह ऐलान अगले 48 घंटों में किया जा सकता है।
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने इस बार जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए एक अभिनव और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई है। ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत हर जिले में वरिष्ठ पर्यवेक्षकों को भेजा गया था। इन पर्यवेक्षकों ने न केवल स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद किया, बल्कि ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और जमीनी नेताओं से भी फीडबैक लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है।
सामाजिक संतुलन का रखा गया विशेष ध्यान
रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक जिले से छह संभावित उम्मीदवारों की एक सूची बनाई गई है। इस सूची को तैयार करते समय, पार्टी ने सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा है। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिला उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई है ताकि संगठन में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।
दिल्ली में हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने इन सूचियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक जिले से दो-दो नामों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिनमें से किसी एक को अंतिम रूप दिया जाएगा।
देवास में ‘गौतम बंटू गुर्जर’ का नाम सबसे आगे
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देवास जिले में जिलाध्यक्ष पद के लिए खातेगांव के कांग्रेस नेता गौतम बंटू गुर्जर का नाम सबसे आगे चल रहा है। बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में बंटू गुर्जर का नाम कांग्रेस से दावेदारों की लिस्ट में था। हालांकि ऐन मोके पर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री दीपक जोशी को टिकट देकर मैदान में उतारा था।
अब देवास जिलाध्यक्ष के लिए गौतम बंटू गुर्जर का नाम सबसे आगे चल रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा की कांग्रेस किसे देवास जिले का पदभार सौंपती है।
कांग्रेस के इस कदम से यह साफ है कि वह 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुट गई है। नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति से पार्टी को जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ने और अपनी नीतियों को प्रभावी ढंग से उन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।