कहर बरपा रहा तूफान ‘दाना’, कई इलाकों में तेज आंधी-बारिश, सड़कें उखड़ी, पेड़ भी गिरे, 400 ट्रेनें रद्द, अगले 24 घंटे बेहद अहम

By Ashish Meena
अक्टूबर 25, 2024

Cyclonic Storm Dana : चक्रवाती तूफान दाना ओडिशा का तट से टकरा गया है और अभी भी इसका लैंडफॉल जारी है. तूफान ओडिशा के धामरा और भितरकनिका के पास तूफान 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरा. दीघा में तूफानी हवाओं के चलते बड़े बड़े पेड़ गिर गए. मौसम विभाग के मुताबिक दाना तूफान का लैंडफॉल अभी भी जारी है.

तूफान के चलते ओडिशा और बंगाल के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है. तेज हवाओं से कई जगहों पर पेड़ गिरने की खबर है. तूफान को लेकर ओडिशा और बंगाल में NDRF की कई टीमें अलर्ट पर हैं. भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट को सुबह 9 बजे तक बंद कर दिया गया है.

IMD की निदेशक, मनोरमा मोहंती ने बताया, तूफान अब धामरा से लगभग 15 किमी उत्तर और भितरकनिका से 30 किमी उत्तर-पश्चिम में है. अब वर्तमान तीव्रता एक गंभीर चक्रवाती तूफान है और हवा की गति 100-110 किमी/घंटा है. लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है, यह अगले 1-2 घंटों तक जारी रहेगी. इसके उत्तरी ओडिशा में पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है.

10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा ‘दाना’
मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है. आज यानि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे यह ओडिशा के उत्तरी तटीय क्षेत्र में लैंडफॉल हुआ. भद्रक जिले के धामरा से लगभग 20 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपश्चिम और हबालीखाटी नेचर कैंप (भितरकनिका) से 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपश्चिम में केंद्रित था.

अगले 24 घंटे बेहद अहम
मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात ‘दाना’ से भूस्खलन की प्रक्रिया जारी है. चक्रवात का पिछला हिस्सा जमीन में प्रवेश कर रहा है. अगले 1-2 घंटों तक भूस्खलन की प्रक्रिया जारी रहेगी. यह उत्तर ओडिशा में पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है. आज पूर्वाह्न तक धीरे-धीरे कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा. वहीं इस समय ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं. इसी के चलते तटीय इलाकों में दो-तीन किलोमीटर अंदर तक पानी आ सकता है. अगले 24 घंटे अतिरिक्त सुरक्षा बरतने की सलाह दी गई है.

रात भर कंट्रोल रूम में रहीं CM ममता बनर्जी
चक्रवात ‘दाना’ के कारण पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारी बारिश हो रही है. तटीय इलाकों में भी स्थित खराब हो गई हैं. तेज हवाओं के चलने से कई जगहों पर पेड़ उखड़ सड़कों पर गिर गए हैं. वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार देर रात चक्रवात ‘दाना’ के संभावित खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हावड़ा में राज्य सरकार के नियंत्रण कक्ष का दौरा किया. वह पूरी रात नियंत्रण कक्ष में ही रहीं और हालत की जानकारी लेती रहीं. बंगाल में अब तक 2 लाख 11 हजार 234 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

400 से अधिक ट्रेनें रद्द की गईं
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि चक्रवाती तूफान ‘दाना’ ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से टकराया है. इसरो के ईओएस-06 और इनसेट-3डीआर उपग्रह 20 अक्टूबर से तूफान पर नजर रख रहे हैं. आपदा प्रबंधन प्रयासों में सहायता के लिए तात्कालिक रूप से आंकड़े प्रदान कर रहे हैं. तूफान के दस्तक देने की आशंका के चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अधिकारियों ने लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. स्कूलों को बंद कर दिया गया है. 400 से अधिक ट्रेनों को रद्द और उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»