नेमावर में भूतड़ी अमावस्या पर श्रद्धालुओं का तांता, सुबह 11 बजे तक 40 हजार लोगों ने किया नर्मदा स्नान, 15 से ज्यादा टीआई और 250 पुलिसकर्मी तैनात

By Ashish Meena
September 21, 2025

Nemawar : नेमावर में सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर श्रद्धालुओं का आगमन शनिवार शाम से जारी है। मां नर्मदा में स्नान के लिए देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, सीहोर और खंडवा से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात से भी बड़ी संख्या में लोग आए हैं।

चौदस की रात श्रद्धालुओं ने नर्मदा के घाटों और मंदिर परिसर में भजन कीर्तन किए। रातभर ढोल, झांज-मंजीरों की आवाज गूंजती रही। पेड़ी घाट, सिद्धनाथ घाट, मेला घाट और रिद्धनाथ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के कारण इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए 15 से अधिक टीआई और 250 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एडिशनल एसपी सौम्या जैन और एसडीओपी आदित्य तिवारी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम प्रवीण प्रजापति सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। नौकाओं से निगरानी की जा रही है। नगर परिषद ने विद्युत, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की है। महिलाओं के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम और मर्यादा कक्ष बनाए गए हैं। कर्मचारियों की 8-8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुबह 11 बजे तक करीब 40 हजार श्रद्धालु नर्मदा स्नान कर चुके हैं। शाम तक यह आंकड़ा 75 हजार तक जा सकता है।

पंडित मनमोहन व्यास के अनुसार, भूतड़ी अमावस्या विशेष रूप से अतृप्त आत्माओं की तृप्ति के लिए होती है। इस दिन श्रद्धालु नदी में स्नान के बाद दान करते हैं। माना जाता है कि पितरों के निमित्त तर्पण करने से भी सुख, शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। भूतड़ी अमावस्या प्रेत बाधाओं को दूर करने के लिए भी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena