MP में किसानों के साथ फिर छल? फसल मुआवजा राशि लौटाने के लिए नोटिस जारी, एक ही गांव के 100 किसानों के खाते फ्रीज, वापस नहीं करने पर दी ये चेतावनी

By Ashish Meena
अक्टूबर 18, 2025

मंदसौर। फसल मुआवजा राशि के वितरण में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। यहां लगभग 100 किसानों को फसल मुआवजे के रूप में दी गई राशि को लौटाने के नोटिस दिए गए है। नोटिस में 3 दिन के भीतर खाते में आई राशि को तहसीलदार कार्यालय में जमा करने कहा गया है अन्यथा कुर्की की चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं किसानों के खातों को फ्रीज भी कर दिया गया है। जिससे अब किसान कोई लेन- देन भी नहीं कर पा रहे है। मामले में अधिकारी गोलमोल जवाब देकर पूरे पर्दा डालने की कोशिश कर रहे है।

नोटिस मिलने के बाद किसान परेशान
दरअसल जिले के सुवासरा तहसील के टोकड़ी गांव के लगभग 100 किसानों को उनके खाते में आई फसल मुआवजा राशि को 3 दिन के भीतर जमा कराने के नोटिस दिए गए है। किसानों से कहा गया है कि, रोग, कीट की वजह से खराब हुई फसल नुकसानी की राशि का आपके खाते में त्रुटिपूर्वक भुगतान हो गया है। उसे तुरंत वापस किया जाए। नोटिस मिलने के बाद किसान परेशान है।

बाजार से ब्याज पर पैसा लेकर दे रहे
किसान भेरूलाल धनोतिया, गोविंद विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि, पहले ही खराब हुई फसल की उचित मुआवजा राशि नहीं दी गई और अब जो खातों में राशि आई है उसे भी वापस मांगा जा रहा है। खाते फ्रिज होने की वजह से भी परेशान है। कहा कि, जो रुपए थे, वो बैंक खातों में थे। ऐसे में अब रुपए कहा से वापस जमा करवाए। कुछ किसान बाजार से ब्याज पर पैसा लेकर दे रहे है। ताकि फ्रीज हुए बैंक खाते फिर से शुरू हो सके।

ट्रेजरी में चालान भरकर रुपए लौटाया
प्रशासनिक त्रुटि में एक व्यक्ति ऐसे भी है जिनकी कृषि भूमि नहीं है। उनके खाते में भी 8 हजार राशि आई है। जिसकी वजह से उनका भी खाता फ्रीज कर दिया गया है। बैंक से उन्हें जानकारी मिली कि, वो तहसीलदार कार्यालय जाए। जहां से उन्हें खाते में राशि की जानकारी मिली तो उन्होंने ट्रेजरी में चालान भरकर रुपए लौटाने की बात कही। उनका कहना है कि, भविष्य में मुझे लाभार्थी नहीं बता दिया जाए। इसलिए मैं नगद राशि न देकर ट्रेजरी में चालान भरकर ही रुपए लौटा रहा हूं।

तकनीकी त्रुटि करार दे रहे
सुवासरा तहसीलदार रामलाल मुनिया मामले में गोलमोल जवाब दिए। उनका कहना है कि, 16 अक्टूबर को ही यह त्रुटि पकड़ में आई थी। जिसकी वजह से लगभग 25 – 30 किसानों को ही नोटिस दिए गए है। नोटिस में कुर्की का सिर्फ जिक्र किया गया है ताकि किसान जल्द राशि जमा करवा दें जबकि ऐसा नहीं किया जाएगा। साथ ही वो ऐसे किसी व्यक्ति के खाते में राशि जाने से साफ इनकार कर रहे है। हालांकि बाद में वे इस मामले को तकनीकी त्रुटि करार दे रहे है।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।