इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन: रोमियो लेन का किचन सील, बिना लाइसेंस बन रहे मोमोज पर भी लगी रोक
By Ashish Meena
सितम्बर 30, 2026
इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) के किचन में खाद्य सुरक्षा संबंधी कई अनियमितताएं मिलने पर खाद्य पदार्थों के निर्माण का काम तत्काल रुकवा दिया गया। वहीं खातीवाला टैंक की बैराठी कॉलोनी में बिना लाइसेंस मोमोज का निर्माण और सप्लाई किए जाने का मामला सामने आने पर निर्माण बंद कराया गया।
टीम ने ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी का निरीक्षण किया। मौके पर होटल के जनरल मैनेजर अमोघ शरण मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान किचन के फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खाद्य पदार्थों की टैगिंग भी उचित तरीके से नहीं की गई थी। जांच के दौरान खसखस और मशरूम पुराने एवं कीटग्रस्त पाए गए।
इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO और FEFO व्यवस्था का पालन भी नहीं पाया गया।
5 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
टीम ने मौके से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के 5 सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण में परिसर का खाद्य लाइसेंस भी अवधि समाप्त पाया गया। इसके बाद किचन परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण संबंधी कार्य को तत्काल अवरुद्ध कराया गया।
शिकायत के बाद मोमोज सेंटर पर पहुंची टीम
इसी क्रम में शिकायत के आधार पर खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का निरीक्षण किया गया। यहां मौके पर मोमोज बनाकर दुकान से बेचने के साथ-साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई।
निरीक्षण के दौरान विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए लाइसेंस नहीं मिला। निर्माण कक्ष के बाहर और बैक लाइन क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी भी पाई गई। आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।टीम ने यहां से पनीर मोमोज और चीज मोमोज के सैंपल लिए।
