बिगड़े बोल वाले IAS संतोष वर्मा हटाए गए, ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर दिया था विवादित बयान
By Ashish Meena
दिसम्बर 12, 2025
IAS Santosh Verma : मध्य प्रदेश सरकार ने विवादों में घिरे IAS अधिकारी संतोष वर्मा के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कठोर कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देश के बाद, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने संतोष वर्मा को तत्काल उप सचिव (कृषि विभाग) के पद से हटाकर GAD पूल में अटैच कर दिया है।
सबसे बड़ा कदम यह है कि जाली और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पदोन्नति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के गंभीर आरोपों को देखते हुए, उन्हें सेवा से बर्खास्त (Dismissal from Service) करने का औपचारिक प्रस्ताव केंद्र शासन (Central Government) को भेज दिया गया है।
Also Read – बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 9 लोगों की मौत
विवादास्पद टिप्पणी बनी कार्रवाई का मुख्य कारण
संतोष वर्मा पर यह बड़ी प्रशासनिक गाज, उनके द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के बाद गिरी है। अजाक्स (अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारियों एवं कर्मचारियों संघ) के एक प्रांतीय अधिवेशन में वर्मा ने आपत्तिजनक बयान देते हुए कहा था, “आरक्षण तब तक चलेगा जब तक ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को दान में न दें।”
यह बयान वीडियो वायरल होते ही प्रदेशभर में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। ब्राह्मण संगठनों ने तत्काल पोस्टकार्ड अभियान शुरू कर दिया और मुख्यमंत्री से बर्खास्तगी की मांग की। हालांकि, अजाक्स ने भी स्पष्टीकरण दिया कि वर्मा उनके अधिकृत सदस्य नहीं हैं।
CM मोहन यादव ने खुद संभाला मोर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “फर्जीवाड़े की फाइल जल्द खोली जाएगी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
GAD ने सिविल सेवा आचरण नियमावली के उल्लंघन पर वर्मा को 7 दिनों का कारण बताओ नोटिस जारी किया था। सूत्रों के अनुसार, उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर GAD ने उन्हें चार्जशीट जारी करते हुए, अब सीधे बर्खास्तगी का प्रस्ताव केंद्र को भेज दिया है।
महिला उत्पीड़न के पुराने मामले और प्रशासनिक संदेश
सूत्रों के मुताबिक, IAS संतोष वर्मा पर पहले से महिला उत्पीड़न के मामले दर्ज हैं। अब, केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही उनकी बर्खास्तगी लगभग तय मानी जा रही है।
