इंदौर में युवक ने रची खुद के अपहरण की झूठी कहानी, परिजनों से मांगे तीन लाख रुपये, वजह कर देगी हैरान

By Ashish Meena
मई 30, 2025

Indore News : मध्य प्रदेश के इंदौर में खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर अपने परिवार से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने 20 साल के युवक और उसके तीन साथियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि अपने महंगे शौकों के कारण आर्थिक संकट में फंसे नौजवान ने कर्ज चुकाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने मीडिया को बताया कि बाणगंगा थाने में 20 साल के यश राठौर के पिता आनंद राठौर ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उनके बेटे का अपहरण कर लिया है और उसकी सुरक्षित रिहाई के लिए तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी है.

रामसनेही मिश्रा के मुताबिक, पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि यश ने खुद के अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ी थी और इसमें उसके तीन साथी- 25 साल के राहुल मेहरा, 22 साल के आदर्श चक्रवेदी और 35 साल के धर्मेन्द्र लोधी शामिल थे.

अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ने में दोस्त का हाथ

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया, “मेहरा पर शहर के अलग-अलग थानों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं. यश के अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ने और फिरौती मांगने में मेहरा का अहम किरदार था.”

उन्होंने बताया, ‘‘यश पर उसके महंगे शौकों के कारण काफी कर्ज हो गया था, जिसके कारण उसे अपनी कार तक गिरवी रखनी पड़ी थी. कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ी और तीन साथियों की मदद से अपने परिजनों से फिरौती मांगी.’’

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यश और उसके तीन साथी शहर के सुपर कॉरिडोर के सर्विस रोड के पास सुनसान जगह पर कार में बैठे मिले और पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया. रामसनेही मिश्रा ने बताया कि फर्जी अपहरण कांड की विस्तृत जांच की जा रही है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»