MP में गर्मी के बीच मौसम का यू-टर्न, आंधी-बारिश का अलर्ट; 18 मार्च तक कई जिलों में बदलेंगे हालात
By Ashish Meena
मार्च 15, 2026
मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही तेज गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है और दिन के समय तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। लेकिन अब मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादल छाने, तेज हवा चलने और कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इससे जहां गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं मौसम अचानक बदलने से लोगों को सतर्क रहने की भी जरूरत है।
Read More: लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी, अब अप्रैल में आने वाली 35वीं किस्त को लेकर बड़ा अपडेट
प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के उत्तर और दक्षिण हिस्से के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। जिन जिलों में मौसम बदल सकता है उनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी और बालाघाट शामिल हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ सिस्टम की वजह से हो रहा है। इसके कारण आसमान में बादल छाने लगेंगे और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यह दौर 18 मार्च तक जारी रह सकता है।
तीन दिन तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। 16 मार्च को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में बारिश होने की संभावना है। 17 मार्च को सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर में मौसम बदला रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। 18 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई जगह तेज हवा के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।
गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद
पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
नर्मदापुरम इन दिनों प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री अधिक है। लगातार तीसरे दिन यहां तेज गर्म हवाएं चलीं।
खरगोन भी प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा मंडला, रतलाम, दमोह, खंडवा, खजुराहो, रायसेन, शाजापुर, गुना, नरसिंहपुर, सतना, सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, उमरिया, सागर और धार जैसे जिलों में तापमान 37 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में तापमान 37.2 डिग्री, इंदौर में 36.6 डिग्री, उज्जैन में 36.5 डिग्री और जबलपुर में 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्मी बढ़ने की यह है वजह
मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों हवा की दिशा बदल गई है। अभी हवा उत्तर-पूर्व की बजाय पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही है। इसके अलावा हवा में नमी बहुत कम है और रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं। यही वजह है कि तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में लू जैसे हालात बन रहे हैं। हालांकि अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में थोड़ी गिरावट भी आ सकती है।
मार्च में बीमारियां बढ़ने का खतरा
डॉक्टरों का कहना है कि मार्च का मौसम सबसे ज्यादा बीमारियां फैलाने वाला होता है। इस महीने दिन में तेज गर्मी रहती है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होती है।
ऐसे में कई लोग दिन की गर्मी से बचने के लिए हल्के कपड़े पहन लेते हैं और ठंडे पेय पदार्थ ज्यादा पीने लगते हैं। इससे सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। डॉक्टरों के अनुसार खासकर बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह और देर रात ठंडी हवा से बचना जरूरी है।
मार्च के दूसरे सप्ताह में बढ़ती है गर्मी
पिछले कई वर्षों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार आमतौर पर मार्च के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ज्यादा बढ़ती है। लेकिन इस साल मौसम का ट्रेंड थोड़ा अलग दिखाई दे रहा है। मार्च की शुरुआत में ही तापमान तेजी से बढ़ गया है और कई जिलों में गर्मी का असर पहले से ज्यादा देखने को मिल रहा है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश और आंधी की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
