Ujjain News : उज्जैन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली रेलिंग तोड़कर चंबल नदी में गिर गई। 12 बच्चे पानी में डूब गए। इनमें से 11 लोगों को बचा लिया गया। वहीं एक बच्चा लापता है। चार बच्चों को गौतमपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई।
हादसा इंगोरिया के पास देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ। मृतकों में पृथ्वी राज (16) और वंश (8) शामिल हैं। वहीं अमीश (10) और अंश (6) को इंदौर रेफर किया गया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, 12 साल के बच्चे ने ट्रैक्टर में लगी चाबी घुमा दी। जिससे ट्रैक्टर स्टार्ट होकर आगे बढ़ गया और नदी में गिर गया।
पुलिस और एसडीईआरएफ की टीमें स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रेन की मदद से नदी से निकाल लिया गया है। वहीं एक बच्चे शुभम चौहान की तलाश की जा रही है।
मृतकों के परिजन को 10 लाख मुआवजे की मांग
पूर्व कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल ने कहा कि यह दुखद घटना है। मेरा मुख्यमंत्री और प्रशासन से निवेदन है कि मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा तत्काल दिया जाए। एडीएम, एसडीएम से इस संबंध में बात हुई है। देखने में आया है कि मुआवजा मिलने में सालभर लग जाता है। यह एससी-एसटी के लोग हैं।
रेलिंग तोड़कर नदी में गिरा ट्रैक्टर
एडिशनल एसपी अभिषेक रंजन ने बताया कि ट्रैक्टर रेलिंग को तोड़कर नदी में गिरा है। ट्रॉली में 12 लोग होने की सूचना थी। इनमें से 11 को निकाल लिया है।
विधायक बोले- दो को इंदौर रेफर किया
बड़नगर विधायक जितेंद्र पंड्या ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने जैसे ही बताया मैं बड़नगर से 20-25 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गया था। डॉक्टर, पुलिस, प्रशासन की टीम यही है। दो को इंदौर रेफर किया है। एक मिसिंग है, जिसे एसडीआरएफ सहित बचाव दल की टीम सर्च कर रही है।
शुभम के पिता बोले- बेटा नहीं मिल रहा है
लापता शुभम चौहान के पिता मोहन ने कहा- मेरा बच्चा शुभम चौहान नहीं मिल रहा है। हम माताजी खमाने (विसर्जन करने) आए थे। नदी से ऊपर आ रहे थे। हमने बच्चों से कहा जाओ और ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठो। सभी ट्राली में बैठ गए थे। तभी किसी बच्चे से चाबी घुमा दी।
बच्चे ने चाबी घुमा दी, ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया
देवी प्रतिमा का विसर्जन करने 12 बच्चे ट्रैक्टर-ट्रॉली से चंबल नदी के नरसिंहा पुल पर पहुंचे थे। ट्रैक्टर अमर सिंह का बेटा कमल चला रहा था। पुल पर पहुंचने के बाद बच्चों ने गुलाल उड़ाते हुए देवी प्रतिमा को उठाया और डांस करते हुए पुल के नीचे नदी पर पहुंच गए। यहां विधि-विधान से माता का विसर्जन किया और नदी में नहाने लगे।
नहाने के बाद बड़े बच्चों ने छोटे बच्चों से कहा- ट्रॉली पर जाकर बैठो, हम आ रहे हैं। छोटे बच्चे पुल पर आ गए और ट्रैक्टर पर बैठ गए। इसी बीच किसी बच्चे ने ट्रैक्टर के इंजन में लगी चाबी घुमा दी। ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया और आगे बढ़ते हुए पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गया। घटना के ठीक पहले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे ढोल के साथ दुर्गा प्रतिमा ले जाते और नदी में नहाते हुए दिखाई दे रहे हैं।