वायुसेना का एक ट्रेनर विमान ढाका के स्कूल पर गिरने से क्रैश हो गया है। AP की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में 16 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। हादसे के वक्त क्लास चल रही थी। बांग्लादेशी सेना ने वायुसेना के F-7 BGI विमान के क्रैश होने की जानकारी दी है। यह विमान चीन में बना था।
हादसे में 100 से ज्यादा लोग घायल हैं। 60 घायलों को बर्न इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया। वहीं, मामूली रूप से घायल 25 लोगों का उत्तरा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घायलों को हाथ ठेले पर अस्पताल ले जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। कई घायल बच्चों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया।
यूनुस ने हादसे पर दुख जताया
अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा- इस विमान हादसे में वायुसेना के सदस्य, माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के छात्र, अभिभावक, शिक्षक और कर्मचारी सहित जिन लोगों को नुकसान हुआ है, वह अपूरणीय है। यह देश के लिए एक बेहद दुखद क्षण है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं
यूनुस ने स्थिति को संभालने के लिए अस्पतालों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों की हर संभव मदद करने और हादसे की जांच कराने की बात भी कही।
दूसरी तरफ फायर सर्विस ने बताया है कि यह घटना दोपहर 1:18 बजे हुई और उनके यूनिट 1:22 बजे मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य में उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, कूर्मिटोला, मीरपुर और पूर्वाचल के आठ फायर स्टेशन के दल शामिल हैं।
चीन में बना है बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7BGI फाइटर जेट
F-7BGI बांग्लादेश एयरफोर्स (BAF) का मल्टीरोल फाइटर जेट है। यह चीन के चेंगदू J-7 फाइटर का एडवांस वर्जन है, जिसे सोवियत यूनियन के MiG-21 की तर्ज पर बनाया गया था। BAF ने 2011 से 2013 के बीच यह फाइटर खरीदा था। इसे थंडरकैट स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था।
F-7BGI एक बार में 600 से 650 किलोमीटर की कॉम्बैट रेंज तय कर सकता है, जबकि फेरी रेंज 2,230 किमी तक है। यह अधिकतम 17,800 मीटर की ऊंचाई तक उड़ सकता है और 155 मीटर/सेकंड की रफ्तार से ऊपर उठ सकता है।
इस फाइटर जेट में 2 तोपों के साथ 7 हथियार लगाने वाले पॉइंट हैं। इन पर 3 हजार किलोग्राम तक की मिसाइलें और बम लगाए जा सकते हैं। यह PL-5 और PL-9 मिसाइल, लेजर गाइडेड बम और C-704 एंटी-शिप मिसाइल से लैस हो सकता है।