देवास जिले में बड़ा हादसा: नेमावर के पास कार और बाइक की भिड़ंत, मां-बेटे समेत 3 लोगों की मौत, गाय देखने जा रहे थे मृतक
By Ashish Meena
फ़रवरी 4, 2026
मध्य प्रदेश के देवास जिले के अंतर्गत आने वाले इंदौर-बैतूल फोरलेन (NH-59A) पर मंगलवार रात एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। नेमावर रोड पर स्थित गुराड़िया के पास पुराने ब्रिज वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार माँ-बेटे और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई।
आमने-सामने की टक्कर में उड़े बाइक के परखच्चे
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे हुआ। इंदौर की ओर जा रही एक कार (नंबर- MP 09 CV 5141) और विपरीत दिशा से आ रही बाइक के बीच सीधी टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान और ‘गाय’ देखने की अधूरी इच्छा
पुलिस जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक ग्राम खूबगांव और छनेरा क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है।
नर्मदा बाई (65): निवासी खूबगांव।
महेंद्र (23): नर्मदा बाई का पुत्र।
चंदू (45) पिता उमेर सिंह: चंदू मूल रूप से खंडवा जिले के छनेरा थाना अंतर्गत ग्राम खेड़ा पलानी का निवासी था। वह इन दिनों खेत में पानी फेरने का ठेका लेने के कारण खूबगांव में रह रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि महेंद्र अपनी माँ नर्मदा बाई और साथी चंदू के साथ रात में नेमावर की ओर एक गाय देखने के लिए जा रहे थे। उन्हें क्या पता था कि घर से निकलते ही मौत उनका पीछा कर रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच
हादसे के तुरंत बाद डायल-112 और नेमावर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार और बाइक के मलबे से शवों को बाहर निकाला और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए खातेगांव सरकारी अस्पताल भिजवाया। बुधवार सुबह तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों को सूचना दी। फिलहाल, पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।
PM किसान योजना की अगली किस्त पर बड़ा अपडेट, जल्द निपटा लें ये काम, नहीं तो अटक जाएंगे 2000 रुपए
