मध्यप्रदेश में बड़ा हादसा, मंदिर की छत गिरी, मलबे में दबकर 3 मासूम बच्चियों की मौत, कई लोग घायल
By Ashish Meena
फ़रवरी 9, 2026
मंदिर की छत गिरी: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अहरौली गांव में माता मंदिर की छत गिर गई। मलबे में दबकर 3 बच्चियों की मौत हो गई। 3 अन्य बच्चियां और एक दंपती घायल हैं। हादसा सोमवार दोपहर मंदिर में गुंबद निर्माण के लिए पुरानी छत तोड़ते वक्त हुआ।
गांव में ही रहने वाले सतीश गौड पत्नी पृथ्वी के साथ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने आए थे। उन्होंने प्रसाद देने के लिए कुछ बच्चियों को भी मंदिर के भीतर बुला लिया। इसी दौरान पुरानी छत की पटिया गिर गई और नीचे बैठीं बच्चियां मलबे में दब गईं। मिली जानकारी के अनुसार अहरौली गांव में चामड़ माता का मंदिर है। यह मंदिर एक कमरे जैसा बना है, जिसकी छत पटियों से बनी है।
Also Read – ब्रेकिंग: जेल के अंदर आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या, अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की रची थी साजिश
कन्याभोज के लिए जमा हुए थे बच्चे
सोमवार की दोपहर एक परिवार पूजा करने आया था, पूजा के बाद कन्याभोज व प्रसाद वितरण होना था। कन्या भोज व प्रसाद के लिए गांव के बच्चे बुलाए गए, जिनमें से अधिकांश मंदिर के अंदर ही थे, उसी समय एक पटिया चटकी और उसके बाद पूरी छत भरभरा कर गिर पड़ी।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी व अन्य अधिकारी घटना स्थल पर रवाना हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मलबे को हटाने और स्थिति का जायजा लेने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता घायलों को समुचित उपचार दिलाने और घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने की है।
इन बच्चियों की गई जान
वैष्णवी सिकरवार (11) पुत्री जीतू सिकरवार
छाया गोस्वामी (7) पुत्री अशोक गोस्वामी
करिश्मा गोस्वामी (9) पुत्री अशोक गोस्वामी
हादसे में ये घायल
गुंजन (12) पुत्री योगेंद्र सिंह
परी (8) पुत्री योगेंद्र सिंह
विद्या (6) पुत्री योगेंद्र सिंह
सतीश गौड
पृथ्वी गौड
