इंदौर में नेमावर रोड पर बड़ा हादसा, ट्रक में पीछे जा घुसी कार, 4 लोगों की मौत, 8 गंभीर, आष्टा से बारात लेकर लौट रहे थे

By Ashish Meena
अप्रैल 6, 2026

इंदौर में दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों से भरी कार (क्वालिस) ट्रक के पीछे जा घुसी। देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास रविवार देर रात हुए इस हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

3 लोगों ने मौके पर दम तोड़ा, जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हुई। मृतकों के परिजन के मुताबिक वे शादी समारोह के बाद लौट रहे थे। आगे चल रहे ट्रक में भूसा भरा था। ड्राइवर तेज रफ्तार से चला रहा था।

हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए

ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास उसने एक गाड़ी को ओवर टेक किया था। इस बीच अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रही कार (क्वालिस-MP35-D-0363) का ड्राइवर ब्रेक नहीं लगा पाया और वह पीछे से आयशर ट्रक (MP41-GA-0949) में जा घुसी। इससे कार के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस के मुताबिक हादसे में इरफान (24) पिता अशफाक, आरिस (20) पिता साजिद और फरहान (19) पिता जावेद मेव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अरफाद (23) पिता रईस खान ने उपचार के दौरान दम तोड़ा।

चीख-पुकार मची, घायलों को अस्पताल भेजा

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार (क्वालिस) के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्काजाम किया। कुछ लोगों ने जिम्मेदार वाहन में आग लगाने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

सूचना मिलते ही खुड़ैल पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। परिजन के हंगामे के बीच पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति शांत कराई और यातायात बहाल किया।

एएसपी रूपेश द्विवेदी ने कहा- परिजन के आरोपों पर ट्रक ड्राइवर से पूछताछ कर जांच की जाएगी। घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजन के मुताबिक आष्टा से बारात लेकर लौट रहे थे। ट्रक ड्राइवर चापड़ा से तेज रफ्तार से चला रहा था। ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास उसने एक गाड़ी को ओवरटेक किया और हादसा हो गया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।