MP में बड़ा हादसा: चलती कार में लगी आग, डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक
By Ashish Meena
मार्च 21, 2026
मध्य प्रदेश के सागर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चलती कार में आग लग गई और उसमें डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने इस घटना में हत्या का शक जताया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला सागर के गढ़ाकोटा रोड पर तड़के हुआ। इस घटना में पति सुरक्षित बच गया है। सागर जिले के गढ़ाकोटा रोड पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती कार में अचानक आग लग गई। इस घटना में कार में सवार डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि डॉक्टर समय रहते कार से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए।
Also Read – केंद्र सरकार ने व्हाट्सएप को लेकर दिया बड़ा आदेश, रिपोर्ट के आधार पर लिया ये फैसला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिसके चलते पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतका सीमा कुर्मी के भाई लोकेश पटेल ने बताया कि उनकी बहन गढ़ाकोटा में रहती थीं। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनके जीजा डॉ. नीलेश कुर्मी का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उन्हें इलाज के लिए राय अस्पताल ले जाया जा रहा है।
लोकेश के अनुसार, सूचना मिलते ही वे भी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान उन्हें दोबारा फोन आया कि सानौधा के पास एक्सीडेंट हो गया है। इसके कुछ देर बाद तीसरी कॉल में बताया गया कि कार में आग लग गई है और सीमा उसमें जल गई हैं।
परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर संदेह जताया है। लोकेश पटेल का आरोप है कि सीमा और उनके पति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने आशंका जताई है कि पहले सीमा को बेहोश किया गया या उनकी हत्या की गई और बाद में उन्हें कार में ले जाकर घटना को हादसे का रूप दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
