वृंदावन में बड़ा हादसा, यमुना नदी में नाव पलटी, 10 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता, DM ने सेना से मांगी मदद
By Ashish Meena
अप्रैल 10, 2026
मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। हादसे में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। इनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से ढाई किमी की दूरी पर है। राहत और बचाव कार्य के लिए सेना की मदद मांगी गई है।
स्थानीय 50 गोताखोर भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं। घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका फ्री इलाज होगा। गाजियाबाद से NDRF की टीम भी वृंदावन आ रही है। जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
पर्यटक मनोहर लाल ने बताया- हम सभी जगराओं (लुधियाना) से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया। मौसम विभाग की बेवसाइड स्काईमेट के अनुसार, वृंदावन में अभी 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है।
सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया
वृंदावन हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने X पर लिखा, जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
