विदेश मंत्रालय के आंकड़ों ने चौंकाया, हर साल 2 लाख लोग भारतीय नागरिकता छोड़ रहे, 5 साल में 9 लाख विदेश में बसे

By Ashish Meena
दिसम्बर 13, 2025

Indian citizenship : विदेश मंत्रालय द्वारा संसद में चौंकाने वाले आंकड़ें दिए गए है। आंकड़ों के अनुसार पिछले पाँच वर्षों में लगभग 9 लाख भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़ दी है। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा को बताया कि 2011 से 2024 के बीच लगभग 21 लाख भारतीयों ने विदेशी नागरिकता अपनाई है।

सबसे बड़ा उछाल कोरोना महामारी के बाद देखने को मिला। जहां 2020 में यह आंकड़ा घटकर 85 हजार के करीब रह गया था, वहीं इसके बाद यह संख्या सालाना 2 लाख के आसपास पहुँच गई है। यह ट्रेंड बेहतर अवसरों, जीवन की गुणवत्ता और पेशेवर विकास के लिए विदेशों में बसने की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाता है।

ऑपरेशन अजय और सिंधु की सफलता
सरकार ने संसद को बताया कि पिछले तीन वर्षों में सुरक्षा कारणों और तनावपूर्ण परिस्थितियों के कारण मिडिल ईस्ट के देशों से 5,945 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया।

Also Read – क्या शिवराज सिंह चौहान की जान को खतरा है? केंद्र सरकार ने रातों-रात बढ़ाई कृषि मंत्री की सुरक्षा, भोपाल से दिल्ली तक सुरक्षा घेरा मजबूत

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लोकसभा में जानकारी दी कि इसमें इजराइल से लाए गए भारतीयों के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ और ईरान-इजराइल से निकासी के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ जैसे प्रमुख अभियान शामिल थे। हाल ही में हुए कुवैत अग्निकांड में दुर्भाग्यपूर्ण रूप से मारे गए 45 भारतीयों के शवों को भी भारत लाया गया।

सुधा मूर्ति का 3-6 वर्ष के बच्चों को मुफ्त शिक्षा का ऐतिहासिक प्रस्ताव
राज्यसभा की मनोनीत सांसद और प्रसिद्ध लेखिका सुधा मूर्ति ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक प्रस्ताव रखा है। उन्होंने 3 से 6 वर्ष की आयु के सभी बच्चों के लिए मुफ्त, अनिवार्य शिक्षा और देखभाल की गारंटी देने की मांग की है।

सुधा मूर्ति ने संविधान में नया अनुच्छेद 21बी जोड़ने का प्रस्ताव किया और देश की आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उनका मानना है कि यह कदम बच्चों के शुरुआती विकास और देश के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होगा।

Also Read – इंदौर में युवती से दुष्कर्म, युवक ने फ्लैट में किया रेप, वीडियो बनाकर दोस्त के साथ भी संबंध बनाने के लिए किया मजबूर

2024-25 में 3,104 दवाएं फेल, 245 निकलीं नकली
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने संसद को देश की स्वास्थ्य सुरक्षा पर बड़े खतरे से आगाह किया। सरकार ने बताया कि वर्ष 2024-25 में जाँच किए गए 1.16 लाख दवा सैंपलों में से 3,104 दवाएं मानक गुणवत्ता (Standard Quality) पर खरी नहीं उतरीं। इससे भी अधिक चिंताजनक यह है कि 245 दवाएं नकली या मिलावटी पाई गईं।

2023-24 में भी लगभग 3 हजार दवाएं गुणवत्ता में फेल हुई थीं। सरकार ने नकली दवाओं पर कार्रवाई करते हुए दिसंबर 2022 से अब तक 960 से अधिक दवा इकाइयों की जांच की और 860 से ज्यादा कार्रवाइयां की हैं।

आईएफएस अधिकारियों की स्थिति
1 दिसंबर 2025 तक भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में कुल 954 अधिकारी कार्यरत हैं, जिनमें 263 महिलाएं शामिल हैं।

रक्षा भूमि अतिक्रमण
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि देश भर की 18 लाख एकड़ रक्षा भूमि में से 11,152 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण है। 45,906 एकड़ भूमि को अतिरिक्त घोषित किया गया है, जबकि 8,113 एकड़ भूमि पर कानूनी विवाद चल रहा है।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।