Monsoon Update: सुस्त पड़ा मानसून, मध्यप्रदेश में कब आएगा? 3 दिनों तक बरकरार रहेंगे सूरज के तेवर, सताएगी गर्मी

By Ashish Meena
जून 11, 2025

MP Monsoon Update : मानसून पिछले 10 दिनों से मुंबई में ठिठका हुआ है। सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। इसके चलते मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने लगी है।मंगलवार को सबसे अधिक 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया।

हिल स्टेशन पचमढ़ी सहित 10 शहरों में लू का प्रभाव रहा। 26 शहरों में दिन का तापमान 40 से 46.1 डिग्री के मध्य दर्ज किया गया। इस दौरान मलाजखंड में पांच और इंदौर में एक मिलीमीटर भी वर्षा हुई।

मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, तीन दिनों तक गर्मी के तेवर इसी तरह बने रह सकते हैं। हालांकि इस दौरान जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं राहत की बौछारें पड़ने की भी संभावना है।

14 जून से मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा, पाकिस्तान एवं उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवात के कारण लगातार गर्म हवाएं आ रही हैं।

इस वजह से प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस तरह की स्थिति अभी तीन दिन तक बनी रह सकती है। इस दौरान उत्तरी मध्य प्रदेश में लू का प्रभाव भी बना रह सकता है।

ये मौसम प्रणालियां हैं सक्रिय
मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, बालुरघाट से होकर ही गुजर रही है। उत्तरी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। उत्तरी हरियाणा और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना है।

उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश के मध्य में भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी छत्तीसगढ़, मध्य ओडिशा से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

मानसून के पुन: सक्रिय होने के संकेत
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इसके अलावा तमिलनाडु पर शियर जोन (विपरीत दिशा की हवाओं का सम्मिलन) बना है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से सुस्त पड़े मानसून के सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है। 14 जून से मानसून के एक बार फिर आगे बढ़ने के आसार हैं।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।