खातेगांव के पुष्पदीप वेयरहाउस में मूंग खरीदी शुरू, किसानों द्वारा किए गए चक्काजाम के बाद प्रशासन ने बदला अपना फैसला

By Ashish Meena
अगस्त 4, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले के खातेगांव में किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार सुबह पुष्पदीप वेयरहाउस में मूंग की खरीदी शुरू हो गई। सोमवार को खरीदी केंद्र बदलने के विरोध में किसानों ने चक्काजाम किया था, जिसके बाद प्रशासन ने उनकी मांग मान ली। किसानों की सुविधा के लिए वेयरहाउस में तौल की व्यवस्था बढ़ाई जा रही है।

सोमवार को किसानों ने खातेगांव-सतवास मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया था। वे खरीदी केंद्र बदलने के निर्णय से नाराज थे। किसानों का आरोप था कि पहले उन्हें बाकलीवाल वेयरहाउस से पुष्पदीप वेयरहाउस भेजा गया, और फिर अजनास के किसान वेयरहाउस जाने को कहा गया। अजनास में कच्चे रास्ते और पर्याप्त व्यवस्थाएं न होने के कारण किसानों ने वहां माल तुलवाने का विरोध किया।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक, पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि मूंग की खरीदी पुष्पदीप वेयरहाउस में ही की जाएगी। इस आश्वासन के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

किसान पहुंच रहे वेयरहाउस

मंगलवार सुबह पुष्पदीप वेयरहाउस में खरीदी शुरू होने पर किसानों ने राहत महसूस की। वेयरहाउस प्रबंधन ने बताया कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए करीब छह कांटों से तौल की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रतिदिन अधिक से अधिक किसानों की उपज की खरीदी सुनिश्चित करना है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»