MP के पार्षद नईम खान की मौत, 67 साल की उम्र में 25 वर्षीय युवती से की थी शादी, बहू बोली- दूसरी शादी के बाद रोज…
By Ashish Meena
December 7, 2025
MP News: मध्य प्रदेश के सागर शहर के लाजपतपुरा वार्ड से भाजपा के पूर्व पार्षद नईम खान (67) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नईम खान पिछले कुछ महीनों से लगातार सुर्खियों में थे, खासकर 67 साल की उम्र में 25 वर्षीय युवती से दूसरी शादी करने और इसके परिणामस्वरूप भारतीय जनता पार्टी (BJP) से 6 साल के लिए निष्कासित होने के कारण।
अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद नईम खान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु के कारणों को लेकर परिवार के सदस्यों द्वारा गंभीर सवाल उठाए जाने के बाद, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
नई पत्नी और पारिवारिक कलह
मृतक पार्षद की बहू, शिखा खान, ने इस घटना के बाद एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि नईम खान ने सितंबर माह में 25 साल की युवती से दूसरी शादी की थी। इस दूसरी शादी के बाद से ही वह बहुत परेशान रहते थे और घर में रोजाना विवाद होने के कारण तनाव (टेंशन) काफी बढ़ गया था।

Also Read – MP सरकार हवाई किराए में रोजाना 21 लाख खर्च रही, एक घंटे का रेट 5 लाख से ज्यादा, आंकड़ों ने चौंकाया
नईम खान अपनी पहली पत्नी के परिवार से अलग होकर अपनी दूसरी पत्नी के साथ शनिचरी स्थित कार्यालय के सामने बने मकान में रह रहे थे। बहू को सुबह फोन आया कि उनकी कोई हरकत नहीं हो रही है, और जब वह मौके पर पहुंचीं तो उन्हें निधन की जानकारी मिली।
पुलिस जांच के दायरे में मौत
पार्षद की मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बाद, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। नईम खान अपनी दूसरी पत्नी से निकाह से पहले ही महिला संबंधी अपराधों के आरोपों के चलते विवादों में थे। निकाह के बाद, नई पत्नी ने भी उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद गोपालगंज थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी।
पुलिस ने बताया है कि डॉक्टर प्राथमिक तौर पर हार्ट फेल (हृदय गति रुकने) की आशंका जता रहे हैं, लेकिन मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। डॉक्टरों ने जांच के लिए बिसरा और खून के सैंपल सुरक्षित करके पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले ही की थी शादी
नईम खान 65 साल के थे। पिछली बार वह चर्चा में तब आए थे, जब उन्होंने 25 साल की युवती से निकाह किया था। युवती का नाम रिहान था। उसने पहले नईम खान के खिलाफ सागर जिले के कैंट पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ की शिकायत की थी। इस मामले में यू टर्न तब आया, जब युवती ने थाने पहुंचकर केस वापस ले ली। साथ ही नईम खान ने सामने आकर कहा कि हम दोनों ने निकाह कर लिया है।
बीजेपी ने कर दिया था सस्पेंड
वहीं, नईम खान निकाह की वजह से चर्चा में थे। साथ ही अन्य विवादों की वजह से भी वह सुर्खियों में रहते थे। इसी वजह से बीजेपी ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया था।
बेटे की भी हुई है हत्या
इसके साथ ही नईम खान के बेटे इमरान उर्फ बादशाह की भी 30 जुलाई 2021 को गोली मारकर हत्या की गई थी। वह नईम का इकलौता बेटा था। इसे लेकर दरगाह ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष समेत अन्य लोग आरोपी थे। यह मामला भी कोर्ट में चल रहा है। अभी नईम खान ही पीली कोठी दरगाह ट्रस्ट का अध्यक्ष था।
गौरतलब है कि नईम खान की मौत कैसे हुई। इसे लेकर शहर में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे प्राकृतिक मौत मान रहे हैं। कुछ लोगों ने उनके विवादों को जोड़ते हुए आशंका व्यक्त की है। अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि नईम की मौत कैसे हुई।
