MP Weather: फेंगल के कारण एमपी में छा रहे बादल, 7 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के आसार

By Ashish Meena
December 5, 2024

MP Weather: फेंगल तूफान कमजोर पड़ने के बाद अरब सागर में कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि इसके प्रभाव से हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्य प्रदेश में ऊंचाई और मध्यम स्तर पर बादल बने हुए हैं। रात का तापमान बढ़ने से फिलहाल कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल गई है।

बुधवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 9.7 डिग्री सेल्सियस तापमान टीकमगढ़ में रिकार्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन का सबसे अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में रिकार्ड किया गया।

Also Read – GangRape: भाजपा नेत्री ने भाजपा नेताओं पर लगाया गैंगरेप का आरोप, PM मोदी से लगाई गुहार, जावेद अंसारी गिरफ्तार

अरब सागर तूफान फेंगल पड़ा कमजोर
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी दो दिन तक न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में पश्चिमोत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 268 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है। अरब सागर में तूफान फेंगल कुछ कमजोर पड़ने के बाद मौजूद है।

रात के तापमान में बढ़ोतरी होने का कारण
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि फेंगल के असर से हवाओं का रुख पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्यम स्तर के बादल छाने लगे हैं। इस वजह से पूरे प्रदेश में रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं।

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना
सात दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट होने लगेगी।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।