MP Weather Update: मध्यप्रदेश का मौसम बिगड़ा, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, किसानों पर मंडराया संकट, इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट

By Ashish Meena
फ़रवरी 19, 2026

MP Weather Update : मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में फरवरी के महीने में तीसरी बार ओले और बारिश का दौर शुरू हुआ है। 12 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन समेत 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।

गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। भोपाल में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ करीब डेढ़ घंटे तक कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश हुई। ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है।

दानों की गुणवत्ता और पैदावार पर बुरा असर

इस बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने किसानों की माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। कई जिलों में खेतों में खड़ी फसलें आड़ी हो गई हैं, जिससे दानों की गुणवत्ता और पैदावार पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि से भी नुकसान की खबरें हैं।

Also Read – MP में लव जिहाद: भाजपा पार्षद का बेटा नाबालिग को कर रहा था परेशान, धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, मामला दर्ज

इन जिलों में हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, दतिया, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रतलाम, श्योपुर, उज्जैन, धार, विदिशा, बड़वानी, आगर-मालवा, शाजापुर, मुरैना, छतरपुर, शिवपुरी, सीहोर और मंदसौर जैसे जिलों में बारिश दर्ज की गई है।

8 जिलों में बारिश का अलर्ट

20 फरवरी- ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट है। बिजली भी गिर सकती है।
21 फरवरी- मौसम साफ रहेगा। फिलहाल, कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है।

रतलाम में सुबह हल्की बारिश

रतलाम में दो दिन से मौसम बदला हुआ है। बुधवार रात बूंदाबांदी हुई। सुबह हल्की बारिश से सड़कें गीली नजर आईं। गुरुवार सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं। बूंदाबांदी और हवा से मौसम में एक बार फिर ठंडक खुल गई है। बादल छाए हुए हैं। सूरज की लुका–छिपी जारी है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री से लुढ़क कर 31.2 पर चला गया। न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज हुआ।

धार में आंधी-बारिश से फसलें तबाह

धार शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार देर रात अचानक बदले मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज हवा, आंधी और बारिश के चलते कई गांवों में खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

धार जिले के ग्राम पचलाना में गेहूं की तैयार फसल पूरी तरह खेतों में आड़ी गिर गई। तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे कटाई कार्य और उपज दोनों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। खेतों में गिरी फसल को देखकर किसानों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

शुजालपुर में रुक-रुककर बारिश, मौसम में घुली ठंडक

शुजालपुर में बुधवार देर रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। गुरुवार सुबह करीब 6:45 बजे तक हल्की बारिश होती रही, जिससे मौसम में एक बार फिर ठंडक घुल गई है। शहर की सड़कों और आसपास के खेतों में हल्का जलभराव भी देखा गया।

इस समय गेहूं की फसल कटाई की अवस्था में है। ऐसे में हो रही बारिश के कारण गेहूं की चमक पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि कृषि जानकारों का आकलन है कि इस बारिश से फसलों को कोई विशेष नुकसान नहीं होगा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 48 घंटों में शुजालपुर और आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। बीच-बीच में दोबारा बारिश का दौर भी बन सकता है।

खेतों में भीगी पककर तैयार फसल

गंजबासौदा नगर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे से रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया, जो चार घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। लगातार हो रही हल्की बारिश के चलते खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलें भीग गई हैं, जिसका असर अब साफ दिखाई देने लगा है।

किसानों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही है। उनका कहना है कि फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन इस असमय बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यदि बारिश का सिलसिला एक-दो दिन और इसी तरह जारी रहा तो खेतों में भीगी फसल समय पर सूख नहीं पाएगी, जिससे गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर असर पड़ सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी जमा होने की स्थिति भी बन रही है। किसानों ने मौसम साफ होने की उम्मीद जताई है, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

इंदौर में कहीं-कहीं हल्की बारिश, आज धूप निकली

इंदौर में बुधवार को दिनभर मौसम गर्म रहा और तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। दिन के समय ठंड का असर बिल्कुल महसूस नहीं हुआ। हालांकि रात करीब 12 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई।

बारिश के बाद गुरुवार सुबह से ही मौसम काफी ठंडा हो गया। शहर में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को फिर से हल्की सर्दी का एहसास होने लगा।

आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ है और बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल रही है। मौसम के इस बदलाव से जहां दिन की गर्मी से राहत मिली है, वहीं सुबह-शाम ठंडक बढ़ने से लोगों ने हल्के गर्म कपड़े भी निकाल लिए हैं।

ग्वालियर में बारिश के बाद गिरा तापमान

ग्वालियर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सर्दी को विदा मान चुके लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। बुधवार रात हुई बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय लोग पार्कों में टहलने तो निकले, लेकिन ठंडी हवा और बढ़ी ठंडक ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।