एक तरफ केजरीवाल ने इस्तीफे की घोषणा की, दूसरी तरफ कांग्रेस ने गठबंधन को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान
By Ashish Meena
सितम्बर 15, 2024
Rashtriya Ekta News : दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर राजनीतिक पार्टियां अभी से तैयारी में जुट गई हैं। इस बीच तिहाड़ जेल से बाहर आए अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की घोषणा के बाद कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से गठबंधन को लेकर बड़ा ऐलान किया।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने रविवार को कहा कि कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। इस चुनाव में कांग्रेस किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके द्वारा इस्तीफे की पेशकश करना एक राजनीतिक ड्रामा है। आपको बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था।
उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चार महीने पहले इस्तीफा दे दिया होता तो दिल्ली में जलजमाव के कारण जो 30 से भी अधिक बेगुनाहों की जान गई है, वो शायद नहीं जाती। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि वह दो दिन का इंतजार क्यों कर रहे हैं? यह एक राजनीतिक ड्रामा लग रहा है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही उन पर प्रतिबंध लगा रखे हैं। जल्द से जल्द एक नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाना चाहिए। दिल्ली की जनता जागरूक है और वह दिल्ली विधानसभा चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सीएम अरविंद केजरीवाल के दो दिन बाद सीएम पद से इस्तीफा देने वाले बयान पर कहा कि यह उनकी इच्छा है। अगर वह जेल में सीएम रह सकते हैं तो बाहर भी सीएम रह सकते हैं। हो सकता है कि कुछ और गंभीर मामले हों, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है।
आपको बता दें कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे दो दिन के बाद सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि मनीष सिसोदिया भी सीएम नहीं बनेंगे। वे और सिसोदिया जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव तक पार्टी का कोई दूसरा नेता मुख्यमंत्री बनेगा।
