घर के बाहर PAK आर्मी के जवान, 4 KM तक CCTV, ड्रोन से निगरानी, चार लेयर की सिक्योरिटी में पहलगाम हमले का आतंकी

By Ashish Meena
मई 1, 2025

Pahalgam Attack : आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और मोस्ट वॉन्टेड आतंकी हाफिज सईद की पाकिस्तान में सुरक्षा चार गुना बढ़ा दी गई है. कल ही पाकिस्तान के लाहौर में हाफिज का सीक्रेट ठिकाना होने की पुष्टि हुई थी.

खुफिया एजेंसी ने पुष्टि की है कि लाहौर के जोहर टाउन के हाउस नंबर 116ई में हाफिज रह रहा है. यहां ड्रोन से नजर रखी जा रही है. पाकिस्तानी सैनिकों को हाफिज के ठिकाने के चारों और तैनात किया गया है. हाफिज के ठिकाने के चार किलोमीटर तक की सड़क को पूरी तरह से सीसीटीवी से लैस किया गया है.

पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी सेना, आईएसआई और लश्कर ने हाफिज सईद को एक्स्ट्रा सुरक्षा कवर मुहैया कराया है. उसके करीबी रिश्तेदारों और खास लोगों को भी पाकिस्तानी सेना सिक्योरिटी दे रही है. पाकिस्तानी सेना ने उन्हें सख्त हिदायत दी है कि कहीं भी मूवमेंट ना करें.

इससे पहले पुष्टि हुई थी कि हाफिज अपने परिवार के साथ लाहौर में घनी आबादी के बीच आराम से रह रहा है. सैटेलाइट तस्वीरों और वीडियो में हाफिज सईद का घर लाहौर में होने की पुष्टि हुई थी. इन तस्वीरों में हाफिज का घर साफ देखा जा सकता है.

कहा जा रहा है कि हाफिज की सुरक्षा तीन स्तर पर की जा रही है. साथ ही उसकी निजी सिक्योरिटी भी चौबीसों घंटे मुस्तैद रहती है. रिपोर्ट के मुताबिक, हाफिज सईद के सीक्रेट ठिकाने की जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं. उनसे पता चला है कि हाफिज एक बिल्डिंग में अपने परिवार के साथ रहता है. इसके ठीक सामने हाफिज का प्राइवेट पार्क भी है.

लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को 2008 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है. संयुक्त राष्ट्र ने उसे वैश्विक आतंकी घोषित कर रखा है. लश्कर का हेडक्वार्टर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुरिदके में माना जाता है. कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत अपनी सैन्य कार्रवाई में इस पर हमला कर सकता है.

हाफिज और लश्कर भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं क्योंकि वह कश्मीर और अन्य हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को स्पॉन्सर करता है. पाकिस्तान सरकार ने पिछले महीने हाफिज सईद के करीबी अबू कताल की हत्या के बाद उसकी सुरक्षा कड़ी कर दी थी. आईएसआई ने सईद की सुरक्षा की समीक्षा की थी और उनके आवास को जेल के तौर पर तब्दील किया गया था.

बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 16 लोग घायल हुए थे. इस हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत तनाव है. भारत आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर प्रतिबद्ध है. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंक के खिलाफ बिगुल बजा चुके हैं. वहीं, पाकिस्तान हाई अलर्ट मोड पर है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»