PM मोदी ने मध्यप्रदेश को दी बड़ी सौगात, 6 अमृत स्टेशन का किया लोकार्पण, ऑपरेशन सिंदूर पर कही ये बात

By Ashish Meena
मई 22, 2025

MP News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली लोकार्पण किया। इनमें मध्यप्रदेश के 6 स्टेशन- नर्मदापुरम, श्रीधाम, कटनी साउथ, शाजापुर, सिवनी और ओरछा शामिल हैं।

कार्यक्रम में राजस्थान के बीकानेर से वर्चुअली जुड़े मोदी ने कहा- भारत में हो रहे विकास कार्यों को देखकर दुनिया हैरान है। वंदे भारत, नमो भारत ट्रेन देश की नई गति को दर्शाती है। अमृत भारत स्टेशन योजना में देशभर के 1300 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। ‘विकास भी, विरासत भी’ मंत्र का इन स्टेशनों पर नजारा साफ दिखाई देता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मध्यप्रदेश के ओरछा स्टेशन पर भगवान राम की आभा का अहसास होगा।’

ऑपरेशन सिंदूर में दिखाई भारत की ताकत
लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदापुरम से जुड़े। उन्होंने कहा- ये बदलते दौर का बदलता भारत है। भोपाल के भेल में वंदे भारत और मेट्रो ट्रेन के कोच बनाए जाएंगे। मोदी जी की डबल इंजन सरकार के साथ मध्यप्रदेश भी आगे बढ़ रहा है।

सीएम ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर में प्रधानमंत्री ने भारत की ताकत दिखा दी है। ये मोदी जी की कूटनीति का ही नतीजा है कि पाकिस्तान को तीन देशों के अलावा कहीं समर्थन नहीं मिला। पहलगाम हमले के बाद आतंकियों का मकसद देश में दंगे भड़काना था लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में देश एकजुट रहा। ये लोकतंत्र की जीत है। मोदी में विश्वास की जीत है।

हाईमास्ट लाइट, मॉडर्न वेटिंग रूम, टिकट काउंटर, रैंप
इन 103 अमृत स्टेशन को एबीएसएस के तहत 1100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। एमपी के 6 स्टेशन पर 86 करोड़ रुपए की लागत से हाईमास्ट लाइटिंग, मॉडर्न वेटिंग रूम, टिकट काउंटर, टॉयलेट और दिव्यांगों के लिए रैंप जैसी यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

प्लेटफॉर्म पर शेल्टर, कोच इंडिकेशन सिस्टम और सूचना के लिए डिजिटल डिस्प्ले लगाए गए हैं। हर स्टेशन पर मध्यप्रदेश की लोक कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिल रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»