MP में 6 साल की बच्ची से रेप के आरोपी सलमान का एनकाउंटर, भागने की कोशिश कर रहा था, पुलिस ने मारी गोली
By Ashish Meena
नवम्बर 28, 2025
MP News : मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुए बलात्कार की जघन्य घटना के आरोपी सलमान को आखिरकार पुलिस की सख़्ती का सामना करना पड़ा है। प्रदेशभर में भारी बवाल और मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद, पुलिस ने आरोपी सलमान का शॉर्ट एनकाउंटर किया है।
पुलिस पर फायरिंग की कोशिश!
पुलिस आरोपी सलमान को गांधीनगर से ले जा रही थी, जब भोजपुर के पास कीरतनगर में यह घटना हुई। पुलिस के काफिले में शामिल गाड़ी का टायर पंचर होने के बाद, आरोपी सलमान ने मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की।
भागने के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस की बंदूक छीनकर पुलिसकर्मियों पर ही फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में और आरोपी को भागने से रोकने के लिए, पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली सीधे आरोपी सलमान के पैर में लगी।
घायल आरोपी सलमान को तुरंत भोपाल के एक सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। यह वही आरोपी है जिसे स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले किया था।
क्या था पूरा मामला?
21 नवंबर को 6 साल की मासूम घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी सलमान ने उसे चॉकलेट का लालच देकर अपने पास बुलाया। वह बच्ची को जंगल की तरफ ले गया, जहाँ उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों को बच्ची रोती हुई जंगल में मिली थी, जिसके बाद उसे तुरंत भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस क्रूरता के बाद पुलिस ने आरोपी सलमान को पकड़ने के लिए 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
प्रदेशभर में उबाल: CM ने SP को हटाया
इस घटना के बाद मध्य प्रदेश में भारी विरोध प्रदर्शन और जन आक्रोश देखने को मिला था। रायसेन शहर में कई जिलों की पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी थी। विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की घटनाएँ भी हुई थीं।
मुख्यमंत्री का सख्त रुख
जनता के बढ़ते गुस्से को देखते हुए, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देर रात बैठक कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। तत्काल प्रभाव से रायसेन के तत्कालीन एसपी पंकज पांडेय को हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया था, और उनकी जगह आशुतोष को नया एसपी नियुक्त किया गया।
