खातेगांव में तनावपूर्ण स्थिति…युवक का शव रखकर थाने के सामने किया चक्काजाम, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, कहा- हत्यारों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे

By Ashish Meena
अप्रैल 10, 2026

Khategaon News : देवास जिले के खातेगांव में शुक्रवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब संदलपुर के निवासी 25 वर्षीय युवक राहुल नाथ का शव बस स्टैंड के सामने रखकर परिजनों ने चक्का जाम कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

क्या है पूरा मामला?

गुरुवार तड़के इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे (NH-47) पर नेमावर रोड स्थित दाना बाबा बाईपास के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान राहुल (25) पिता सालगराम नाथ, निवासी संदलपुर के रूप में हुई।

आरोप- “हत्या कर हाईवे पर फेंका शव”

राहुल की मौत के बाद परिजनों ने दावा किया है कि राहुल के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। उन्हें आशंका है कि उसे बाइक से बांधकर घसीटा गया और फिर किसी सुनसान जगह पर हत्या कर शव को हाईवे पर फेंक दिया गया ताकि यह सड़क दुर्घटना लगे।

आखिरी बार दोस्तों के साथ देखा गया

बताया जा रहा है कि घटना की रात राहुल गांव के ही 3-4 युवकों के साथ था। परिजन उन युवकों पर ही हत्या का संदेह जता रहे हैं।

अकेली मां का सहारा था राहुल

राहुल की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। वह अपनी मां का इकलौता सहारा था और मजदूरी कर घर चलाता था। घर में मां के अलावा कोई दूसरा सदस्य नहीं है, जिससे इस दुखद घटना का दर्द और गहरा हो गया है।

खातेगांव बस स्टैंड पर घंटों मची अफरा-तफरी

शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों ने खातेगांव थाने के सामने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इसके चलते नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि संदिग्ध युवकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच हो। पीड़ित परिवार (बूढ़ी मां) को आर्थिक सहायता दी जाए।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा

हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही सच्चाई सामने आएगी। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।