जनगणना का पहला चरण आज से होगा शुरू, नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे अपना ब्यौरा
By Ashish Meena
अप्रैल 1, 2026
भारत की 16वीं और आजादी के बाद की 8वीं जनगणना का आज से शंखनाद हो रहा है। यह दुनिया का सबसे बड़ा और पहला पूर्णतः डिजिटल जनगणना अभियान होगा, जिसके लिए केंद्र सरकार ने 11,718.24 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है। इस बार की सबसे बड़ी खासियत ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ है, जिसके तहत नागरिक खुद ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
पहला चरण अप्रैल से सितंबर तक चलेगा, जिसमें मकानों की सूची और सुविधाओं का ब्यौरा लिया जाएगा। दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या की वास्तविक गिनती होगी। डेटा की पारदर्शिता के लिए 16 भाषाओं में पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। दिल्ली, कर्नाटक और ओडिशा जैसे राज्यों में 16 अप्रैल से काम शुरू होगा, जबकि मध्य प्रदेश और हरियाणा में 1 मई से प्रक्रिया शुरू होगी।
