इंदौर को भी गहरा जख्म दे गया विमान हादसा, अब तक 265 लोगों के शव बरामद

By Ashish Meena
जून 13, 2025

Indore News : अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया प्लेन क्रैश हादसे में इंदौर की हरप्रीत कौर होरा की भी जान चली गई। इंदौर में राजमोहल्ला की रहने वाली हरप्रीत (30) मायके अहमदाबाद से लंदन जा रही थीं। उनका सीट नंबर 22 ई था।

गुरुवार को हुए इस हादसे में अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था।

विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी यह क्लियर नहीं हुआ है कि हॉस्टल में कितनी मौतें हुई हैं। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की खबर आ रही है।

16 जून को पति का जन्मदिन मनाने के लिए जा रही थी
राजमोहल्ला में रहने वाले होरा परिवार की बहू हरप्रीत, अपने पति रॉबी होरा से मिलने लंदन जा रही थीं। रॉबी के चाचा राजेंद्र सिंह होरा ने बताया- रॉबी लंदन से आज इंदौर पहुंच रहे हैं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आज शाम अहमदाबाद जाएंगे।

हरप्रीत का मायका अहमदाबाद में है। वह लंदन जाने से पहले यहां अपने पिता से मिलने आई थीं। पहले उनका टिकट 19 जून के लिए बुक था, लेकिन 16 जून को पति का जन्मदिन होने की वजह से उन्होंने आखिरी समय में गुरुवार की फ्लाइट ली, जो हादसे का शिकार हो गई।

बेंगलुरु की आईटी कंपनी में काम करती थी
रॉबी होरा के जीजा मनप्रीत छाबड़ा ने कहा, ‘हरप्रीत दिसंबर में आखिरी बार इंदौर आई थी। वह बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में जॉब करती थी जबकि रॉबी लंदन की आईटी कंपनी में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं। ‘

ससुर हरजीत ने बताया कि फैमिली के वॉट्सएप ग्रुप पर परिवार वालों ने हरप्रीत को सफर के लिए शुभकामनाएं दी थीं। वह हमारे परिवार की छोटी बहू थी। शादी 2020 में हुई थी। बच्चे नहीं हैं। वह सवा साल तक अपने पति के साथ लंदन में रही, फिर जॉब के लिए इंडिया वापस आ गई। बेंगलुरु से लंदन जाने के लिए उसने अहमदाबाद का रास्ता चुना ताकि वह जाते-जाते अपने माता-पिता से मिल सके। उसकी एक बहन भी है, जो नौकरी करती है।

सिर्फ एक पैसेंजर की बच पाई जान
एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई।

इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।