भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की खोज तेज, PM मोदी की बैठक से पहले बढ़ी हलचल, इन 5 बड़े नामों पर चल रही चर्चा!
By Ashish Meena
नवम्बर 29, 2025
National President of BJP : बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद, अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) में अंदरूनी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को लेकर अटकलबाजी शुरू हो गई है, जिसका चुनाव पिछले साल से लंबित है। सूत्रों के अनुसार, BJP जल्द ही संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है, जिसके लिए दिल्ली में रविवार को एक बड़ी बैठक होने की संभावना है।
रविवार को हो सकती है बड़ी बैठक
सूत्रों की मानें तो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश लौटने के बाद रविवार को BJP मुख्यालय, नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है। इस बैठक में लंबित संगठनात्मक चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
चुनाव क्यों लंबित?
वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनावों के कारण उन्हें विस्तार दिया गया था। 29 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पहले ही पूरे हो चुके हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक जैसे कुछ प्रमुख राज्यों में यह प्रक्रिया अभी लंबित है।
खरमास के बाद हो सकता है नया अध्यक्ष का चुनाव!
पार्टी के अंदर चर्चा है कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव जनवरी 2026 तक पूरा किया जा सकता है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार, 14 जनवरी के बाद जब खरमास समाप्त होता है, तब यह प्रक्रिया जोर पकड़ सकती है। यह अवधि BJP में नेतृत्व परिवर्तन के लिए शुभ मानी जाती है।
हालांकि BJP की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक गलियारों में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कुछ प्रमुख और दमदार नामों पर गंभीर विचार चल रहा है।
इन 5 बड़े नामों पर चल रही चर्चा
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम सबसे आगे है, जिनका RSS और संगठनात्मक मशीनरी से मजबूत जुड़ाव है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नाम की भी चर्चा है जो किओबीसी वर्ग से एक मजबूत संगठनात्मक चेहरा हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नाम को लेकर भी अटकलें हैं।
बिहार जीत के बाद PM मोदी का खास संदेश
बुधवार को संसद भवन में कैबिनेट की बैठक के दौरान सभी मंत्रियों ने हालिया बिहार चुनाव में NDA की जीत के लिए मेज थपथपाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सूत्रों के अनुसार, PM मोदी ने चुनाव परिणामों पर संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए NDA गठबंधन को ‘ऑर्गेनिक’ (स्वाभाविक) और स्थिर बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह गठबंधन चुनाव के बाद भी मजबूत बना रहेगा। इसके बाद, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार में पार्टी की जीत में योगदान देने वाले नेताओं के लिए अपने आधिकारिक आवास पर रात्रिभोज का आयोजन किया।
