वर्दी फिर हुई शर्मसार! महिला डांसर के साथ पुलिसकर्मी का आपत्तिजनक वीडियो हुआ वायरल, SP ने किया सस्पेंड
By Ashish Meena
फ़रवरी 26, 2026
बिहार के बक्सर में एक बार फिर वर्दी शर्मसार हुई है। बक्सर के बगेल थाने में तैनात एसआई का अश्लील वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख राह है कि SI मनीष कुमार महिला डांसर संग आपत्तिजनक हरकत कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद न सिर्फ आम जनता बल्कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी सकते में आ गए हैं। जिस पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, उसी वर्दीवाले की ओछी हरकत से पुलिस की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
गाने पर अश्लील हुए दारोगा जी
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दारोगा मनीष कुमार एक महिला डांसर के साथ आपत्तिजनक हरकत कर रहे हैं। उसके ठुमके पर रुपए लुटा रहे हैं। दारोगा जी का चेहरा देखकर लग रहा है कि वह पूरा मूड बनाकर आए हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान वो अपने ओहदे की मर्यादा भी भूल गए। बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी निजी कार्यक्रम का है।
वीडियो में उन्हें डांसर को बांहों में लेते और गाल से गाल सटाते हुए देखा गया है। इन अनुचित गतिविधियों के कैमरे में कैद होने और वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे थे।
ASI को किया गया निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर के पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव को जांच का निर्देश दिया। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने के बाद एएसआई मनीष कुमार को निलंबित कर दिया गया है और उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता पर रखा गया है। विस्तृत जांच अभी जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि पुलिस बल की गरिमा, अनुशासन और आचरण नियमावली के विरुद्ध किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में दोष सिद्ध होता है, तो संबंधित कर्मी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि बक्सर पुलिस अनुशासन के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति का पालन कर रही है और विभाग की साख से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
