अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, अब सिर्फ इतना लगेगा आयात शुल्क, राष्ट्रपति ट्रंप बोले- मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करेंगे
By Ashish Meena
फ़रवरी 2, 2026
अमेरिका ने भारत पर लगा 25 प्रतिशत टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। अब भारत पर कुल 43 प्रतिशत ही टैरिफ रहेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को पीएम मोदी से फोन पर बातचीत के बाद यह ऐलान किया है। ट्रम्प ने कहा- पीएम मोदी ने रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमति जताई है।
अमेरिका ने अगस्त 2025 में भारत पर दो बार टैरिफ लगाया था। पहली बार 1 अगस्त को व्यापार घाटे को लेकर 25% टैरिफ लगाया गया। इसके बाद 27 अगस्त को रूस से तेल खरीदने की वजह से 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया गया। सोमवार को जो टैरिफ कम किया गया है, वह इसी एक्स्ट्रा 25 प्रतिशत पर कम किया गया है।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर लिखा- आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और अपने देश के एक मजबूत और सम्मानित नेता हैं।
हमारी बातचीत कई मुद्दों पर हुई, जिनमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का विषय भी शामिल था। उन्होंने रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमति जताई है। जरूरत पड़ी तो वे वेनेजुएला से भी तेल खरीदेंगे। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जहां हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते, और उनके अनुरोध पर, अमेरिका और भारत के बीच तुरंत एक व्यापार समझौता हुआ है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा। वहीं भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने “BUY AMERICAN” यानी अमेरिका से ज्यादा खरीदने का भी वादा किया है। इसके अलावा भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा की ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदेगा।
भारत के साथ हमारा रिश्ता आगे और मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दोनों ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं। इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
ट्रम्प ने इंडिया गेट और मोदी के साथ फोटो शेयर किया
ट्रम्प ने आज ही अपने सोशल मीडिया ‘ट्रुथ सोशल’ पर भारत से जुड़ी दो तस्वीरें पोस्ट की थी। एक में उन्होंने इंडिया गेट की फोटो शेयर की थी, जबकि दूसरे में पीएम मोदी के साथ एक मैगजीन का कवर शेयर किया था।
इंडिया गेट खूबसूरत, हमारा सबसे बेहतर होगा
ट्रम्प ने इंडिया गेट की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि भारत का ट्रायम्फल आर्च (इंडिया गेट) बहुत खूबसूरत है। हमारा वाला इन सबमें सबसे शानदार होगा!
दरअसल ट्रम्प राजधानी वाशिंगटन डीसी में अपने नाम से एक विशाल दरवाजा बनवाने का प्लान कर रहे हैं। इस स्मारक को ‘आर्क डी ट्रम्प’ नाम दिया गया है। इसका इस्तेमाल वर्जीनिया राज्य से राजधानी में प्रवेश के लिए किया जाएगा।
इसका डिजाइन पेरिस के आर्क डी ट्रायम्फ से मिलता-जुलता है। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कुछ महीने पहले CNN को बताया था कि इस आर्क का आइडिया खुद ट्रम्प का था। ट्रम्प इस आर्क के डिजाइन बनाने की प्रक्रिया में भी शामिल रहे।
ट्रम्प-मोदी ने 13 महीने में 7 बार फोन पर बात की
पीएम मोदी ने ट्रम्प ने आज से पहले दिसंबर में फोन पर बातचीत की थी। तब पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी शेयर की थी। मोदी ने कहा था कि उनकी बातचीत गर्मजोशी भरी और सकारात्मक रही।
उन्होंने बताया था कि दोनों नेताओं ने दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया। साथ ही अहम तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद से उनकी और पीएम मोदी की अब 7 बार फोन पर बातचीत हो चुकी है। सबसे पहले 27 जनवरी 2025 को पीएम मोदी ने ट्रम्प को राष्ट्रपति बनने की बधाई देने के लिए फोन किया था।
22 अप्रैल को ट्रम्प ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मोदी को फोन कर दुख जताया था। इसके बाद ट्रम्प ने 17 जून को ट्रम्प ने मोदी को न्योता देने, 17 सितंबर को जन्मदिन की बधाई देने और 21 अक्टूबर को दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए फोन किया था। फिर 11 दिसंबर को दोनों नेताओं ने बात की थी।
