कन्नोद-खातेगांव के बीच आज से शुरू हुआ टोल प्लाजा, विधायक आशीष शर्मा बोले- क्षेत्र के लोगों को मिलेगी छूट, कांग्रेस ने मांगा लिखित प्रमाण

By Ashish Meena
September 8, 2025

Barwai Kheda Toll Plaza : एनएचएआई ने एनएच-47 पर कन्नोद-खातेगांव के बीच स्थित बरवाई खेड़ा टोल प्लाजा को 8 सितंबर यानी आज से शुरू करने की घोषणा की है। एनएचएआई की घोषणा के बाद आज सुबह टोल प्लाजा का शुभारंभ किया गया। विधिविधान से पूजा-पाठ करके टोल शुरू किया गया है।

पहले इसे 4 सितंबर से शुरू किया जाना था। हाईवे निर्माण अधूरा होने के कारण खातेगांव-कन्नौद क्षेत्र में इसका विरोध हो रहा है।

ननासा-पिंडगांव रोड की कुल लंबाई 45 किलोमीटर है। इसमें से 36.77 किलोमीटर हिस्से पर ही टोल वसूली होगी। शेष 10 किलोमीटर को टोल से बाहर रखा गया है। हालांकि एनएचएआई और टोल कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कौन सा हिस्सा टोल से बाहर है।

टोल शुरू होने से एक दिन पहले रविवार को विधायक आशीष शर्मा ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा की है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से भी संपर्क किया गया।

विभाग और टोल कंपनी से बातचीत के बाद निर्णय लिया गया है। खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के लोगों को पहचान पत्र (आधार कार्ड) दिखाने पर टोल से छूट मिलेगी। यह छूट ननासा-नेमावर हिस्से का निर्माण पूरा होने तक रहेगी। स्कूल बसों को भी टोल से छूट दी जाएगी।

इधर, कांग्रेस ने विधायक आशीष शर्मा के बयान को भ्रामक बताया है। पार्टी नेताओं ने छूट के लिखित दस्तावेज की मांग की है। कांग्रेस आज टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करेगी।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena