इंदौर में दर्दनाक घटना, 5 महीने के बेटे को गोद में बिठाकर मां ने लगाई आग, दोनों की जिंदा जलकर मौत

By Ashish Meena
October 11, 2025

Indore News : इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र की न्यू ब्रज विहार कॉलोनी में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक 25 वर्षीय महिला ने अपने 5 महीने के बेटे को गोद में लेकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस दर्दनाक घटना में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई है।

अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को गंभीर हालत में चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान गुरुवार रात को मासूम बेटे प्रथम ने दम तोड़ दिया, जबकि शुक्रवार दोपहर को मां सुमन ने भी अपनी जान दे दी। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया है, जिसके बाद मृतका के भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।

पारिवारिक कलह बनी वजह
राऊ पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच का विवाद सामने आया है। मृतका सुमन का पति कैलाश एक कारखाने में सिलाई का काम करता है। सुमन और उसका परिवार मूल रूप से भोपाल का रहने वाला है और दोनों की शादी साल 2022 में हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पति से भी पूछताछ कर रही पुलिस
गांधी नगर की एसीपी नीति सक्सेना ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा, “चोइथराम अस्पताल में जली हुई अवस्था में दो शव लाए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में थाने में मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और पति से भी पूछताछ की जा रही है।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena