मध्यप्रदेश में बदला मौसम, इंदौर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, ओले भी गिरे, 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने से महिला की मौत

By Ashish Meena
मार्च 19, 2026

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार रात इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। इंदौर के कई क्षेत्रों में तेज बारिश देखने को मिली है। बारिश की वजह से कई इलाकों में बत्ती भी गुल हो गई।

मौसम विभाग ने 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रात में जबलपुर, धार और छिंदवाड़ा में ओले गिरने और बिजली चमकने की चेतावनी दी है।

उज्जैन के ग्रामीण क्षेत्रों में ओले गिरने से गेहूं और चना की फसल जमीन पर गिर गई, जबकि कटी हुई फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा. रतलाम में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई.

धार में गेहूं की फसल को नुकसान का डर

धार शहर में गुरुवार रात करीब 10:35 बजे अचानक बिजली चमकी और तेज गरज के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई। इस बेमौसम बारिश से खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश से किसानों के चेहरे पर चिंता साफ देखी गई।

आगर में तेज आंधी के साथ बारिश

आगर मालवा जिले में गुरुवार रात मौसम ने करवट ली और बेमौसम बारिश शुरू हुई। रात करीब 8 बजे से तेज धूल भरी आंधी चली, इसके बाद अचानक बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई, जो लगभग 45 मिनट तक जारी रही। बारिश से गर्मी से राहत मिली, हालांकि सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ।

दमोह ब्लॉक में झमाझम बारिश

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज झमाझम बारिश हुई, जो लगभग आधे घंटे तक जारी रही। इससे पहले चली तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

खरगोन में बिजली गिरने से महिला की मौत

खरगोन जिले के झिरन्या क्षेत्र के करानिया गांव में गुरुवार सुबह खेत पर काम कर रही 55 वर्षीय महिला उंदरीबाई पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

रात में कई जिलों में ओले और बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आगर, दक्षिणी धार, खंडवा के ओंकारेश्वर, विदिशा, दमोह, छतरपुर, पांढुर्ना, जबलपुर में आकाशीय बिजली गिरने और चमकने के साथ मध्यम आंधी/ओलावृष्टि होने की संभावना है।

साथ ही पूर्वी भिंड, अलीराजपुर, बुरहानपुर, पूर्वी उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, भोपाल, सीहोर, रायसेन के सांची, उत्तरी सागर, हरदा में बिजली चमकने के साथ हल्की आंधी/ओलावृष्टि होने की संभावना है।

मध्यरात्रि में बैतूल, देवास, इंदौर, खरगोन के महेश्वर, बड़वानी के बावनगजा, उत्तरी छतरपुर के खजुराहो, पन्ना, कटनी, मैहर, उमरिया के बांधवगढ़, छिंदवाड़ा, सिवनी, पूर्व जबलपुर के भेड़ाघाट, शहडोल, उत्तरी मंडला, सीधी, उत्तरी धार के मांडू में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रात में जबलपुर, धार-छिंदवाड़ा में ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे के दौरान धार के मांडू, छिंदवाड़ा और जबलपुर के भेड़ाघाट इलाके में आकाशीय बिजली चमकने और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।

साथ ही मैहर, रीवा, मुरैना, खरगोन, अलीराजपुर, रतलाम, इंदौर, झाबुआ, बड़वानी, उज्जैन, दमोह, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल और डिंडौरी में हल्की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

अप्रैल-मई में लू चलेगी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अबकी बार अप्रैल और मई में 15 से 20 दिन तक लू चल सकती है। मार्च के दूसरे सप्ताह में नर्मदापुरम में लगातार 3 दिन तक तीव्र लू वाला मौसम रहा। मौसम विभाग ने बताया कि मार्च के आखिरी सप्ताह से लू का असर दिखाई देने लगेगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।