मौसम ने फिर ली करवट, अगले 24 घंटे में इन जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट

By Ashish Meena
अक्टूबर 10, 2024

MP Weather : अरब सागर में बनी दो मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के दक्षिणी भाग में एक बार फिर हल्की से मध्यम वर्षा होने लगी है। प्रदेश में रात का सबसे कम 19.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। बुधवार को दिन का सबसे अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना एवं खजुराहो में रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है। प्रदेश के शेष क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी होने की संभावना है।

मौसम प्रणाली
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में मिनिकाय एवं उससे लगे अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। कोंकण से लेकर अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है। अफगानिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना है।

कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र एवं राजस्थान पर प्रति चक्रवात के बने रहने के कारण मध्य प्रदेश में विपरीत प्रकृति की हवाएं आ रही हैं। इस वजह से बादल छाने लगे हैं। साथ ही दक्षिणी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है। इस तरह की स्थिति अभी दो से तीन दिन तक बनी रह सकती है। गुरुवार को जबलपुर, नर्मदापुरम एवं इंदौर संभाग के जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है।

यहां हुई इतनी वर्षा
बुधवार को सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक धार में सात, बैतूल एवं नरसिंहपुर में चार, पचमढ़ी में 0.6, सतना में 0.4, इंदौर में 0.3 मिलीमीटर वर्षा हुई।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»