RSS Shatabdi Year: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के केंद्रीय पदाधिकारी भैयाजी जोशी शनिवार को इंदौर में थे। यहां उन्होंने संघ के सभी अनुषांगिक संगठनों के चुनिंदा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की। देर रात तक चली अलग-अलग बैठकों का मुख्य एजेंडा संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किए जाने कार्यक्रमों को लेकर था।
बैठक में उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) मालवा प्रांत सहित पूरे प्रदेश के हजारों गांवों में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। तय किया गया कि 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक संघ शताब्दी वर्ष के तहत विजय दशमी उत्सव कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके साथ ही संघ पहली बार 15 से 30 वर्ष तक के स्वयं सेवकों के लिए युवा शिविर आयोजित करेगा। इसके साथ ही 1 से 15 जनवरी तक हिंदू सम्मेलन होंगे।
10 दिन तक चलेगा घर-घर संपर्क अभियान
शताब्दी वर्ष में संघ सामाजिक सम्मेलन भी आयोजित करेगा। इसके साथ ही संघ 10 दिनों का घर घर संपर्क अभियान भी चलाएगा। स्वयं सेवक इस दौरान शहरों, गांवों और बस्तियों में घर घर पहुंचेंगे।
नागरिक संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इन सभी कार्यक्रम में संघ के सभी अनुषांगिक संगठनों को अलग-अलग भूमिका सौंपी जाएगी। इन कार्यक्रमों में छोटे से छोटे समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस बार संघ भीतर तक के गांवों में पहुंचेगा। संघ इस बार युवाओं, प्रोफेशनल्स के साथ ही किसान, व्यापारी और महिलाओं को भी इन आयोजनों के जरिए सीधे जोड़ेगा।
बैठक में जोशी ने सभी से कहा- सभी समाजों को साथ लेकर चलना है और इस एक साल में बहुत सारे लक्ष्य प्राप्त करना है। दशहरे के दिन यानी 2 अक्टूबर से संघ का शताब्दी वर्ष समारोह शुरू हो जाएगा। इस दिन संघ न केवल शहरी क्षेत्र में बल्कि गांवों में भी बहुत सारे आयोजन करेगा। पथ संचलन भी निकाले जाएंगे।
जोशी बोले- समाजों को साथ जोड़े, गांवों में पहुंचे
संघ से मिली जानकारी के अनुसार जोशी ने प्रचारकों और स्वयंसेवकों से कहा है कि अब गांवों में शाखाओं की संख्या बढ़ाएं और यूनिवर्सिटी, उच्च शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों और प्रोफेशनल्स को संघ से जोड़ें। जो आयोजन सालभर चलना है उनकी रूपरेखा भी तय की गई।
यह भी तय हुआ कि संघ शताब्दी वर्ष कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। इसमें संघ सामाजिक समरसता पंच परिवर्तन पर फोकस करेगा। दरअसल, मालवा प्रांत में वर्तमान में 3046 स्थानों पर 4636 शाखाएं संचालित हो रही हैं। अब इन्हें बढ़ाया जाएगा और ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को भी जोड़ा जाएगा।
बैठक में पांच परिवर्तन पर चर्चा
बैठक में पंच परिवर्तन, शाखाओं के विस्तार और सेवा कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। बैठक में संघ ने मालवा प्रांत में ज्यादा से ज्यादा यूथ एवं प्रोफेशनल्स को शाखाओं से जोड़ने की योजना बनाई है। शाखाओं की संख्या बढ़ाने के लिए युवाओं की सुविधा से टाइमिंग भी एडजस्ट की जा रही है।
युवाओं की सुविधा से सुबह से लेकर शाम तक किसी भी समय शाखा लगाई जा सकेगी। बैठक में बजरंग दल, विहिप, भाजपा, सेवा भारती सहित संघ परिवार के ज्यादातर आनुषांगिक संगठनों के चुनिंदा पदाधिकारी और स्वयं सेवक मौजूद थे।
सितंबर में फिर आएंगे संघ प्रमुख
इधर, संघ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संघ प्रमुख मोहन भागवत सितंबर महीने एक बार फिर इंदौर आएंगे। भागवत सितंबर में इंदौर कौनसी तारीख को आएंगे यह अभी तय नहीं हुआ हैं। संघ सूत्रों का कहना है कि संघ प्रमुख भागवत 13 या 14 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल द्वारा लिखित पुस्तक ‘परिक्रमा’ का विमोचन करेंगे।
सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री मोहन यादव, राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य और कुछ गणमान्य लोग उस समारोह में उपस्थित रहेंगे, जहां भागवत पुस्तक का विमोचन करेंगे। बता दें की पटेल ने यह पुस्तक अपनी नर्मदा परिक्रमा के दौरान लिखी थी। उन्होंने दो बार पैदल नर्मदा परिक्रमा की थी। उन्होंने 1994 और 2007 में नर्मदा परिक्रमा की थी।