MP कांग्रेस को तगड़ा झटका, इस दिग्गज नेता ने दिया इस्तीफा, जीतू पटवारी को भेजा त्यागपत्र
By Ashish Meena
दिसम्बर 17, 2025
MP News : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। रतलाम ग्रामीण के जिलाध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत (Harshvijay Gehlot) ने बुधवार सुबह अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेज दिया है। गेहलोत को इस पद पर नियुक्त हुए मात्र 4 महीने ही हुए थे।
इस्तीफे के पीछे का असली कारण
हर्षविजय गेहलोत ने अपने आधिकारिक पत्र में इस्तीफे की वजह पारिवारिक कारण और सैलाना विधानसभा की जिम्मेदारियों का हवाला दिया है। लेकिन, राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि असली वजह ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर चल रहा विवाद है।

मंगलवार रात प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी की गई ब्लॉक अध्यक्षों की सूची के बाद ही यह कदम उठाया गया। सूत्रों के अनुसार, जावरा और आलोट विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्तियों को होल्ड पर रखा गया था। कहा जा रहा है कि जिलाध्यक्ष द्वारा सुझाए गए नामों को तवज्जो नहीं दी गई, जिससे वे नाराज थे।
Also Read – सोने-चांदी की कीमत पर लगाम लगेगी या नहीं? संसद में सरकार ने दिया ये जवाब
कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन हुआ रद्द
इस आंतरिक कलह का प्रभाव पार्टी के जमीनी कार्यक्रमों पर भी दिखा। बुधवार को मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में जिला और शहर कांग्रेस का एक संयुक्त धरना प्रदर्शन होना था। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक स्वयं हर्षविजय गेहलोत थे, लेकिन उनके इस्तीफे की खबर आते ही इस धरने को कैंसिल कर दिया गया।
दिग्गज परिवार से हैं गेहलोत
हर्षविजय गेहलोत रतलाम की राजनीति का एक बड़ा चेहरा हैं। वे पूर्व मंत्री प्रभुदयाल गेहलोत के सुपुत्र हैं। इंजीनियरिंग छोड़कर 1994 में पार्षद का चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा। 2018 से 2023 तक वे सैलाना विधानसभा से विधायक रहे। उन्हें दिग्विजय सिंह गुट का करीबी माना जाता है, हालांकि जीतू पटवारी की नई टीम में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी।
इस इस्तीफे ने रतलाम कांग्रेस में गुटबाजी की पुरानी दरारों को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है। फिलहाल, पार्टी आलाकमान की ओर से इस इस्तीफे को स्वीकार करने या मनाने की कोशिशों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
